पार्षद और साड़ी व्यापारी में मारपीट, एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर

वाराणसी : जैतपुरा थाना क्षेत्र के कच्ची बाग में दुकान के विवाद में मंगलवार को पार्षद और साड़ी व्यापारी में मारपीट हो गई. पार्षद जमाल अंसारी और साड़ी व्यापारी एकलाख अहमद अंसारी ने एक दूसरे के खिलाफ जैतपुरा थाने में एफआईआर कराई है. एकलाख ने पुलिस को बताया कि पार्षद जमाल और उनके भतीजे आरिफ अंसारी समेत करीब 30 लोग दुकान पर पहुंचे और वहां गार्ड की पिटाई की बीचबचाव में भाई इम्तयाज अंसारी और लईक अंसारी को भी पीटा गया.
कच्चीबाग के पार्षद जमाल अंसारी ने पुलिस को बताया कि घर के पास साड़ी की दुकान पर विवाद के दौरान उन पर राजकुमार दुबे और इम्तयाज समेत करीब 18 लोगों ने हमला किया. लोहे की सीढ़ी से हमला किया गया, बीच-बचाव में आए भतीजे नफीस अहमद घायल हो गया, जिसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जैतपुरा के कार्यवाहक थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटनास्थल के आसपास के सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है.
ALSO READ : वाराणसी में किसानों को सरकारी योजनाओं से कराया रूबरू, मांगे सुझाव
पालतू कुत्ते को लेकर हमला, लूटपाट का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल में पालतू कुत्ते को लेकर मंगलवार की देर रात हुए विवाद में एक परिवार पर जानलेवा हमले और लूटपाट का आरोप लगा है. पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुटी है. पीड़ित मनोज सोनकर के अनुसार पड़ोसी सुरेश सोनकर के पुत्र अर्थराज उर्फ गोलू कुत्ते के साथ मारपीट कर रहे थे. विरोध करने पर अर्थराज उर्फ गोलू, अनन्य सोनकर उर्फ कुनाल, उत्कर्ष सोनकर, लक्ष्मी सोनकर, अंजू सोनकर, दिनेश सोनकर उर्फ दीनू, अंजनी सोनकर, सुरेश सोनकर और अर्पणा सोनकर उर्फ गुनगुन समेत अन्य ने घर में घुसकर हमला कर दिया.हमले में मनोज सोनकर, उनकी पत्नी अन्नू सोनकर, आठ वर्षीय पिहू सोनकर, शंभू सोनकर, कुमकुम सोनकर, रवि सोनकर, अंकुश सोनकर, कोमल सोनकर व सुजल सोनकर घायल हुए. आरोप है कि महिलाओं से मारपीट कर सोने की चेन भी लूट ली गई.



