देव दीपावली पर काशी में पर्यटकों की भीड़, फिर भी रेस्टोरेंट कारोबार में पसरा रहा सन्नाटा

वाराणसी: उत्तर-प्रदेश के वाराणसी में मनाई गई देव दीपावली के अवसर पर काशी के घाटों पर आस्था और पर्यटन का अद्भुत संगम देखने को मिला. लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचे. घाटों से लेकर सड़कों तक लोगों की भारी भीड़ नजर आई. वहीं, इस दौरान काशी के स्थानीय खानपान का स्वाद चखने के लिए भी पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला, किसी ने चाट और गोलगप्पे का स्वाद लिया तो किसी ने रेस्टोरेंट में बैठकर दक्षिण भारतीय और उत्तर भारतीय व्यंजनों का लुत्फ उठाया. लेकिन घाटों पर भीड़ के बावजूद रेस्टोरेंट कारोबारियों के चेहरे पर इस बार वैसी रौनक नहीं दिखी. जिसे लेकर कारोबारियों का कहना है कि, पिछले साल की तुलना में इस बार व्यापार में करीब 50 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है.

देव दीपावली पर काशी की गलियां पर्यटकों से गुलजार
देव दीपावली पर काशी की गलियां और घाट पर्यटकों से गुलजार रहे, शाम होते ही घाटों की ओर लोगों का रेला उमड़ पड़ा. इस दौरान स्थानीय खानपान की दुकानों, ठेलों और रेस्टोरेंट में भी लोगों की आवाजाही देखने को मिली. चाट, गोलगप्पे, दक्षिण भारतीय व्यंजन से लेकर दाल-चावल और रोटी-सब्जी तक, लोगों ने अपनी पसंद के मुताबिक काशी के स्वाद का आनंद लिया. हालांकि, इस बार पर्यटकों की संख्या और उनके खानपान के रुझान में बदलाव देखने को मिला.
रेस्टोरेंट संचालकों की मानें तो इस बार बाहर से आने वाले पर्यटकों की संख्या पिछले साल के मुकाबले काफी कम रही. जो पर्यटक पहुंचे, उनमें पश्चिम बंगाल के लोगों की संख्या अधिक रही, जबकि गुजरात समेत दूसरे राज्यों से भी कुछ पर्यटक आए, कारोबारी का कहना है कि इस बार रेस्टोरेंट के व्यापार में करीब 50 फीसदी तक की कमी दर्ज की गई. इसकी एक बड़ी वजह बाहरी पर्यटकों की कम आमद और उनका होटल व गेस्ट हाउस में ही भोजन करना रहा.

"ज्यादातर सड़क किनारे लगे ठेलों पर खानपान करते हैं"
कारोबारियों का कहना है कि स्थानीय लोग ज्यादातर सड़क किनारे लगे ठेलों और छोटी दुकानों पर खानपान करते हैं, जबकि रेस्टोरेंट का कारोबार काफी हद तक बाहर से आने वाले पर्यटकों पर निर्भर रहता है. वहीं, देव दीपावली की रात घाटों और आसपास के इलाकों में भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन की ओर से लगातार लोगों को आवागमन के निर्देश दिए जा रहे थे. इसके चलते कई पर्यटक घाटों से निकलकर सीधे अपने होटल और गेस्ट हाउस की ओर रवाना हो गए. ऐसे में रेस्टोरेंट तक पहुंचने वाले ग्राहकों की संख्या भी प्रभावित हुई.

Also Read: साधु टीएल वासवानी जयंती पर आज वाराणसी में बंद रहेंगी मांसाहारी दुकानें, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई.
काशी की देव दीपावली में इस बार घाटों पर रोशनी, आस्था और पर्यटकों की भीड़ तो खूब नजर आई, लेकिन इस भीड़ का पूरा फायदा स्थानीय रेस्टोरेंट कारोबारियों को नहीं मिल सका. कारोबारियों का दावा है कि पिछले साल की तुलना में इस बार करीब 50 फीसदी तक कारोबार कम रहा. ऐसे में सवाल है कि क्या देव दीपावली पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ को स्थानीय व्यापार से जोड़ने के लिए व्यवस्थाओं में और सुधार की जरूरत है?



