साधु टीएल वासवानी जयंती पर आज वाराणसी में बंद रहेंगी मांसाहारी दुकानें, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई.

वाराणसी: साधु थांवरदास लीलाराम वासवानी की जयंती के अवसर पर बुधवार, 25 नवंबर को वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में मांस, मछली, मुर्गा और गोश्त की सभी दुकानें बंद रहेंगी. उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश के क्रम में नगर निगम प्रशासन ने इस संबंध में एक बड़ा आदेश जारी किया है. जिसे मद्देनजर रखते हुए नगर निगम ने की सीमा में संचालित सभी पशुवधशालाओं को भी पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. आदेश का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पशुवधशाला संचालित होते पाए जाने पर होगी कार्रवाई
नगर निगम के पशु कल्याण विभाग की ओर से इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर सभी संबंधित व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे 25 नवंबर को अपने प्रतिष्ठान बंद रखें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर किसी भी क्षेत्र में मांस, मछली, मुर्गा अथवा गोश्त की दुकान खुली मिलने या पशुवधशाला संचालित होते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
दरअसल, उत्तर प्रदेश शासन के नगर निगम विकास अनुभाग-1, लखनऊ की ओर से 19 नवंबर 2024 को जारी शासनादेश के तहत प्रदेश के महापुरुषों और अहिंसा के सिद्धांत का प्रतिपादन करने वाले महापुरुषों की जयंती के अवसर पर स्थानीय निकायों में संचालित पशुवधशालाओं और गोश्त की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. इन विशेष दिवसों को 'अभय दिवस' अथवा 'अहिंसा दिवस' के रूप में मनाने की व्यवस्था की गई है.

Also Read: चंडीगढ़ से बिहार जा रही थी शराब की खेप, वाराणसी में पुलिस ने पकड़ा 199 पेटी का जखीरा
इसी शासनादेश के अनुपालन में साधु टीएल वासवानी की जयंती पर वाराणसी नगर निगम प्रशासन ने यह निर्णय लिया है. साधु टीएल वासवानी अहिंसा, जीव दया और पशु-पक्षियों के प्रति करुणा के संदेश के लिए जाने जाते हैं, उनकी जयंती को अहिंसा के मूल्यों के प्रति समर्पित दिवस के रूप में मनाया जाता है. नगर निगम प्रशासन ने सभी मांस-मछली विक्रेताओं, मुर्गा कारोबारियों और पशुवधशाला संचालकों से अपील की है कि वे शासन के निर्देशों का पालन करें। साथ ही चेतावनी दी है कि आदेश की अनदेखी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.



