वाराणसी में सड़क हादसे में डीसीएम चालक की मौत, केबिन काटकर निकाला शव...

वाराणसी : मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक सड़क हादसे में डीसीएम ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा रिंग रोड स्थित मेहंदीगंज गांव के पास हुआ, जहां इलेक्ट्रॉनिक का सामान लाद कर मुंबई से गुवाहाटी जा रहा डीसीएम ट्रक एक अज्ञात भारी वाहन से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया. हादसे के बाद थोडी देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया. हालांकि सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने यातायात सुचारू कराया.

हादसे में मृत चालक की पहचान वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कोदोपुर निवासी राम अचल प्रजापति (45 वर्ष) के रूप में हुई है. यह हादसा शुक्रवार तड़के करीब चार बजे हुआ. सूचना के बाद मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. चालक के केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. केबिन को कटर और अन्य उपकरणों की सहायता से काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
ALSO READ : वाराणसी में क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर 27 किलों चांदी की लूट, सीसीटीवी फुटेज पर टिकी जांच...
मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया. हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है. सूचना मिलते ही चालक की पत्नी सुमन का रो रो कर बुराहाल है. रामअचल अपने पीछे दो पुत्री और एक पुत्र छोड़ गए. प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि डीसीएम आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से टकराई थी. दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अज्ञात वाहन की तलाश भी शुरू कर दी गई है. पुलिस ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.



