गाय को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग, खून से लिखा ज्ञापन डीएम को सौंपा...

वाराणसी : समाजवादी पार्टी के नेता जीशान अंसारी सोमवार को एक अनोखे अंदाज में अपनी मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपने खून से लिखा एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा और गाय को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग उठाई. इस दौरान जिला मुख्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और यह मामला चर्चा का विषय बन गया. इस दौरान सपा के समर्थक भी मौजूद रहे.
लैब टेक्नीशियन की मदद से खून से लिखा पत्र
जीशान अंसारी एक लैब टेक्नीशियन के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे. वहीं उन्होंने अपने खून से लिखा ज्ञापन जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को सौंपा. यह ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित था, जिसमें गाय को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने और उसके संरक्षण के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की गई है. मीडिया से बातचीत में जीशान अंसारी ने कहा कि वह पहले भी इसी मांग को लेकर जिला मुख्यालय आ चुके हैं, लेकिन उनकी बात पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.

ध्यान आकर्षित करने का अनोखा अंदाज
उनका कहना था कि इस बार उन्होंने अपने खून से पत्र लिखकर सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है. उन्होंने कहा, “मैंने अपने खून से पत्र इसलिए लिखा है ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह संदेश पहुंचे कि एक समाजवादी कार्यकर्ता भी गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग कर रहा है.” सपा नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि गाय के मुद्दे पर केवल राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय सरकार को ठोस निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गाय के संरक्षण के प्रति गंभीर है तो उसे गाय को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने पर विचार करना चाहिए.
ALSO READ : वाराणसी में लाइन लॉस पर डीएम सख्त, अगले पंद्रह दिनों में सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई...
जीशान अंसारी ने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए उन्हें उम्मीद है कि यहां से भेजे गए ज्ञापन को गंभीरता से लिया जाएगा. उन्होंने केंद्र सरकार से गाय के संरक्षण, सम्मान और उसके कल्याण के लिए प्रभावी नीति बनाने की भी मांग की. हालांकि, इस संबंध में जिला प्रशासन या केंद्र सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.



