Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

वाराणसी में लाइन लॉस पर डीएम सख्‍त, अगले पंद्रह दिनों में सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई...

वाराणसी में लाइन लॉस पर डीएम सख्‍त, अगले पंद्रह दिनों में सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई...
Jun 29, 2026, 09:01 AM
|
Posted By Diksha Mishra

वाराणसी: जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में विद्युत वितरण डिवीज़नवार एवं फीडरवार लाइन लॉस में कमी लाने और सुधारात्मक करवाई की समीक्षा बैठक हुई. उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतम लाइन लॉस की फ़ीडरवार जानकारी ली. उन्होंने सभी ज़िम्मेदार अधिकारियों से इस संबंध में अब तक की कार्यवाही के साथ ही लाइन लॉस का कारण सहित रिपोर्ट अगले पंद्रह दिनों में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. उन्होंने विद्युत विभाग के अभियंताओं को लाइन लॉस के कारणों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई किये जाने हेतु निर्देशित किया.


जेई, एई, एसडीओ और अधिशासी अभियंताओं को किया सचेत


उन्होंने कहा कि जहाँ जरूरी हो वहाँ प्रवर्तन की कार्रवाई अवश्य करें और यदि बिलिंग व मीटर रीडिंग या कोई अन्य समस्या हो रही हो तो उसका समाधान कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने जेई, एई, एसडीओ और अधिशासी अभियंताओं को सचेत किया कि यदि अगले पंद्रह दिनों में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने हाई लाइन लॉस वाले अधिकारियों को सचेत किया. उन्होंने आइजीआरएस पोर्टल पर पर लंबित शिकायतों का भी प्राथमिकता के साथ निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए. कहा कि जून माह की रिपोर्ट के आधार पर ख़राब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने फ़ीडर वॉर उपभोक्ताओं की सही जियोटैगिंग कराने के निर्देश भी दिए. इस बैठक में मुख्य इंजीनियर सहित जेई, एई, एसडीओ और अधिशासी अभियंता मौजूद रहे.


व्यावसायिक भवनों में बेसमेंट के उपयोग की होगी जांच


वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) शहर के व्यावसायिक भवनों में बेसमेंट के उपयोग की जांच करेगा. विशेष रूप से उन भवनों को चिन्हित किया जाएगा, जहां पार्किंग के लिए स्वीकृत बेसमेंट का उपयोग दुकानों या कर्मचारियों के आवास के रूप में किया जा रहा है. सोमवार को वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों का निरीक्षण कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कई भवनों में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, जो नियमों का उल्लंघन है.


ALSO READ:आम लदे ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग कुम्‍हार की मौत, बेटा गंभीर, लोगों ने किया चक्काजाम...



उन्होंने बताया कि लखनऊ में कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद प्रदेशभर में व्यावसायिक भवनों की जांच अभियान चलाया जा रहा है. कई स्थानों पर आवश्यक अभिलेख और स्वीकृत मानचित्र नहीं मिलने पर भवनों को सील भी किया गया है. उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वाराणसी में भी नियमों के विपरीत निर्माण या बेसमेंट के दुरुपयोग के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मृतक की करोड़ों की संपत्ति हड़पी, पूर्व वायुसेना अधिकारी के भाई ने दर्ज कराया केस
मृतक की करोड़ों की संपत्ति हड़पी, पूर्व वायुसेना अधिकारी के भाई ने दर्ज कराया केस
वाराणसी : पूर्व वायुसेना अधिकारी के मृत भाई की करीब 40 करोड़ रुपये की संपत्ति धोखे से हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में सोमवार को मंडुवाडीह थाने में दंपती समेत छह नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. लहरतारा निवासी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर राय अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके मंझले भाई राय विमल कुमार अमेरिका में डॉक्टर थे. वर्ष 2017 में वह भारत लौटे और वाराणसी स्थित पैतृक निवास के अलावा एंबी वैली में रहने लगे. आरोप है कि कैलाश दामू मालखेड़े और उनकी पत्नी नीता ने देखभाल करने के बहाने राय विमल कुमार के घर में प्रवेश किया.तहरीर के अनुसार, दंपती ने राय विमल कुमार को शराब में नशीली दवाएं मिलाकर दीं, जिससे उनकी तबीयत खराब हो गई. इसके बाद आरोपियों ने उनके बैंक खातों, डेबिट कार्ड, जमीन के दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन पर कब्जा कर लिया. आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर खुद को कोटक महिंद्रा बैंक के खातों में नॉमिनी भी बनवा लिया. राय अजय कुमार ने आरोप लगाया कि राय विमल कुमार के जीवित रहते और उनकी मृत्यु के बाद करीब 40 करोड़ रुपये की राशि आरोपियों ने अपने खातों में स्थानांतरित कर ली.तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने 28 अगस्त 2025 और 30 मई 2026 को घर में घुसकर धमकी दी और मारपीट की. मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि कैलाश दाम मालखेड़े, नीता मालखेड़े, चंद्रमोहन रामस्वरूप बग्गा, सुयश भीमरव सीताफले, सिमरन चंद्र मोहन बग्गा और वैभव देवीदास घुगरे समेत छह अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े आरोपों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.ALSO READ :ज्ञानवापी सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, नेम प्लेट खींचा, पहचान पत्र छीना, मां-बेटी पर केस
ज्ञानवापी सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, नेम प्लेट खींचा, पहचान पत्र छीना, मां-बेटी पर केस
ज्ञानवापी सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, नेम प्लेट खींचा, पहचान पत्र छीना, मां-बेटी पर केस
वाराणसी: ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी से मारपीट और पहचान पत्र छीनने का प्रयास किए जाने की घटना से अफरा तफरी मच गई. घटना रविवार दोपहर पश्चिमी डी गेट पर हुई. महिला आरक्षी की तहरीर पर सोमवार को चौक थाने में मिर्जापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के बंगालीपुर निवासी प्रियंका और उनकी बेटी कृतिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.महिला सिपाही चांदनी ने पुलिस को बताया कि वह ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के तहत पश्चिमी डी गेट पर ड्यूटी कर रही थीं. दोपहर करीब 12:45 बजे चेकिंग के दौरान दो महिलाएं गेट पर पहुंचीं. जांच में उनके पास मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान मिला. इस पर उन्हें प्रतिबंधित सामान बाहर जमा करके दोबारा आने की हिदायत दी गई. महिला आरक्षी के अनुसार, दोनों महिलाएं सामान जमा करने के बाद दोबारा गेट पर पहुंचीं. इस दौरान आरोपी महिला की बेटी कृतिका ने चेकिंग को लेकर बहस शुरू कर दी. कहासुनी के दौरान चांदनी ने बीच-बचाव करते हुए दोनों को शांत रहने और व्यवस्था का पालन करते हुए दर्शन करने की सलाह दी. आरोप है कि इसके बाद दोनों मां-बेटी उग्र हो गईं और महिला आरक्षी के साथ हाथापाई करने लगीं.तहरीर के मुताबिक, आरोपी महिलाओं ने महिला सिपाही की नेम प्लेट का पट्टा खींचकर तोड़ दिया. इसके बाद पहचान पत्र लेकर भागने का प्रयास किया गया. चांदनी ने जब अपना पहचान पत्र वापस लेने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके बाल खींचे और मारपीट की. घटना में महिला आरक्षी के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रियंका और कृतिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.ALSO READ :एलआईसी में निवेश के नाम पर 39 लाख रुपये की धोखाधड़ी, पैसा मांगने पर कहा - 'कंपनी भाग गई है'
एलआईसी में निवेश के नाम पर 39 लाख रुपये की धोखाधड़ी, पैसा मांगने पर कहा - 'कंपनी भाग गई है'
एलआईसी में निवेश के नाम पर 39 लाख रुपये की धोखाधड़ी, पैसा मांगने पर कहा - 'कंपनी भाग गई है'
वाराणसी : एलआईसी पॉलिसी में निवेश के नाम पर ग्रामीणों से 39 लाख सात हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पुलिस आयुक्त के आदेश पर जंसा थाने की पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी. आरोपियों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें एलआईसी में निवेश का झांसा देकर फर्जी कंपनियों की रसीदें और कूटरचित बॉन्ड थमा दिए गए.पुलिस के अनुसार जंसा थाना क्षेत्र के बेरुका गांव निवासी अशोक कुमार शर्मा, कृष्ण कुमार सिंह और रितेश कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि जलालपुर, महम्मदपुर, बड़ौरा, झबरा और गंगापुर के ग्रामीणों को एलआईसी में पैसा निवेश कराने का भरोसा दिया गया. इसके बाद आरोपियों ने एलआईसी में पैसा जमा करने के बजाय फर्जी कंपनियों की रसीदें और कूटरचित बॉन्ड दिए. पीड़ितों को बताया गया कि संबंधित कंपनियां एलआईसी से जुड़ी हैं और इनमें निवेश करने पर अधिक लाभ मिलेगा. आरोप है कि किस्तों और एकमुश्त रकम के रूप में ग्रामीणों से कुल 39 लाख सात हजार रुपये लिए गए. इनमें दिनेश सोनी, खटाई, रामजी पटेल समेत कई ग्रामीण शामिल हैं.शिकायत के मुताबिक, जब पॉलिसी की परिपक्वता पूरी होने पर ग्रामीणों ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे. बाद में उन्हें निवेश में धोखाधड़ी का पता चला. 26 जुलाई को ग्रामीणों ने अशोक कुमार शर्मा को रोककर रुपये वापस करने की मांग की. पंचायत में आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि कंपनी भाग गई है और अब कोई रकम वापस नहीं मिलेगी. विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है.ALSO READ: वाराणसी में छत से गिरकर ओडिशा की छात्रा की मौत, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहीपीड़ितों ने 28 जुलाई को जंसा थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अशोक कुमार पटेल, राजकुमार कन्नौजिया, सियाराम समेत अन्य पीड़ितों ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की. पुलिस आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद प्राथमिकी दर्ज हुई. थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि अशोक कुमार शर्मा उर्फ मुन्ना, कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मुकेश और रितेश कुमार सिंह उर्फ करिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है.