पुलिस भर्ती परीक्षा का सपना अधूरा: जौनपुर जाते समय सड़क हादसे में युवती की मौत...

वाराणसी : उत्तरप्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रही एक युवती की बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतका की पहचान वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के सरवनपुर गांव निवासी अर्चना यादव के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार अर्चना अपने भाई के साथ जौनपुर में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए जा रही थी. रास्ते में जलालपुर थाना क्षेत्र के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि अर्चना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद भाई बाल-बाल बच गया. हादसे की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए. बेटी की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
also read:वाराणसी में चचेरे भाई की जगह पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंचा फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार,
बताया जा रहा है कि अर्चना पुलिस सेवा में भर्ती होकर अपना भविष्य संवारने का सपना देख रही थी, लेकिन परीक्षा केंद्र तक पहुंचने से पहले ही एक हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली. स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया. परिजनों ने किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं दी है. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. बतादें कि मंगलवार की सुबह भी फूलपुर थाना क्षेत्र में भी सडक हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई थी. युवती अपने पिता और पडोसी के संग जौनपुर पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही थी.



