बिजली विभाग के संविदाकर्मी ने कुएं में कूदकर दी जान, परिवार में मातम

वाराणसी : कपसेठी थाना क्षेत्र के गजेपुर गांव में शुक्रवार की देर रात लगभग 12 एक दर्दनाक घटना सामने आई. नशे में धुत गांव के एक युवक ने कुएं में कूदकर जान दे दी. घटना से परिवार में मातम पसर गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली विभाग में संविदाकर्मी कृष्ण मनोहर गावस्कर उर्फ आलोक उम्र 35 वर्ष देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा था. इस दौरान किसी बात को लेकर वह काफी परेशान नजर आ रहा था. परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया. इस बीच घर के सामने स्थित पुराने कुएं से आवाज आने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो युवक कुएं में गिरा हुआ मिला. युवक एक पुत्र हार्दिक 3 साल तथा एक प्रिया 6 वर्ष की पुत्री का पिता बताया गया है.
ALSO READ : सावित्रीबाई फुले के 195 वीं जयंती पर निबंध लेखन प्रतियोगिता, निकाली रैली
सूचना मिलते ही पुलिस और गांव के लोग मौके पर पहुंचे और लगभग 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना के बाद पत्नी किरण देवी और मां आशा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है. गांव में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने या आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है.
घटना के के विषय में गांव के लोगों में तरह तरह की चर्चा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक बिजली विभाग में संविदा पर मीटर लगाने का काम करता था.



