वाराणसी में पकड़ा गया फर्जी दरोगा, खुद की नहीं लगी नौकरी दूसरों को दिलाने के लिए लेता था रुपये...

वाराणसी : चोलापुर पुलिस ने फर्जी दरोगा को पकड़ा. वर्दी पहने और स्टार लगाए वह बिल्कुल असली की तरह नजर आता था. उसे देखकर असली पुलिस वाले भी पहले चक्कर खा गए. पूछताछ करने पर मामला खुला और फर्जी दरोगा पकड़ा गया.
चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार के अनुसार उन्हें शिकायत मिली कि एक खुद को दरोगा बताने वाला राजन (22 वर्ष) पुलिस की नौकरी दिलाने के लिए क्षेत्र के युवकों से रुपये वसूल रहा है. पुलिस ने घेरेबंदी करके युवक को पकड़ा तो वह पुलिसकर्मियों को अरदब में लेने लगा. उसके बदन पर वर्दी देखकर पुलिसकर्मी भी एक बार सकते में आ गए.उन्हें असली-नकली की पहचान करना मुश्किल हो रहा था. उसने सिपाहियों को भी पुलिसिया रौब में फटकार भी लगा दी. इसके बावजूद संदेह होने पर पकड़े गए युवक से विस्तार से पूछताछ करने पर वह टूट गया.
शिवपुर के इंद्रपुर के रहने वाले राजन ने बताया कि यूपी कालजे से स्नातक तक की पढ़ाई किया है और खुद दरोगा बनना चाहता है लेकिन अभी तक नौकरी नहीं मिल सकी है. पुलिस की तैयारी के लिए उसने वाराणसी से लेकर लखनऊ तक दौड़ लगाई है और पुलिस अधिकारियों के बारे में जानकारी रखता है. इसका फायदा उठाते हुए युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये ऐंठता है.
ALSO READ : दालमंडी चौड़ीकरण : मुहर्रम के बाद मस्जिदों पर चला हथौड़ा , पुलिस बल तैनात...
लोगों का भरोसा जीतने के लिए असली दरोगा की वर्दी खरीद लिया था और कहीं भी उसे ही पहनकर आता-जाता है. पुलिस उससे पूछताछ करके जानकारी हासिल कर रही है कि उसने अब तक कितने युवकों को पुलिस की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगा है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ उससे संपर्क को भी खंगाल रही है. पुलिस को यह भी पता चला कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर अक्सर पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाता था. जिसके साथ ठगी करने होती थी उसे लखनऊ भी पुलिस मुख्यालय तक ले जाता था.



