चन्द्रावती घाट से कादीपुर फ्लाइओवर तक: जिलाधिकारी ने लिया परियोजनाओं का जायजा

वाराणसी : जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने चन्द्रावती घाट के पुनर्विकास कार्यों, नेचुरोपैथी केंद्र एवं पंचकर्मा हट तथा कादीपुर फ्लाइओवर का औचक स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

चन्द्रावती घाट के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अभियंता ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत गैबियन रिटेनिंग वॉल, तीन प्लेटफॉर्म, चेंजिंग रूम एवं ग्रीन रूम सहित अधिकांश कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं.

जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को 15 फरवरी तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना, जैन अनुयायियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा नदी मार्गों के माध्यम से स्थल को जोड़ना है.

नेचुरोपैथी केंद्र एवं पंचकर्मा हट के निरीक्षण में कार्यदायी संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि स्ट्रक्चर कार्य, स्टैण्डर्ड एकोमोडेशन, सुइट रूम, कर्मचारी आवास तथा साइट विकास कार्य सहित कुल कार्यों की लगभग 80 प्रतिशत प्रगति हो चुकी है. जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप मई माह तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए.
ALSO READ : काशी विद्यापीठ में दस दिवसीय शोध पद्धति पाठ्यक्रम का शुभारंभ, आईसीएसएसआर प्रायोजित आयोजन
इसी क्रम में कादीपुर फ्लाइओवर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सेतु निगम को फिनिशिंग से जुड़े शेष कार्यों को 20 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए.निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.



