कफ सिरप तस्करी प्रकरण में 17 आरोपियों पर लगा गैंगस्टर, खोजवां निवासी है सरगना...

वाराणसी : दो हजार करोड़ रुपये के कफ सीरप तस्करी मामले में कोतवाली पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 17 आरोपितों को गैंगस्टर, में निरुद्ध किया है. इस गिरोह का सरगना दिवेश जायसवाल बताया गया, जो भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवां का निवासी है. गिरोह में शामिल एक सदस्य जौनपुर का है, जबकि अन्य सभी वाराणसी के रहने वाले हैं. ये सभी कोडीनयुक्त कफ सीरप की तस्करी में संलिप्त रहे हैं. गैंगस्टर, की कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपितों की संपत्ति की जांच और जब्ती की प्रक्रिया शुरू करेगी. कोतवाली में दर्ज कफ सीरप तस्करी के मामले में वाराणसी के मोहल्ला कायस्थान निवासी शुभम जायसवाल (जो दुबई में छिपा हुआ है) और उसके पिता भोला प्रसाद (जो सोनभद्र जेल में बंद हैं) पहले से गैंग्सटर में निरुद्ध हैं.
औषधि निरीक्षक जुनाब अली ने 14 नवंबर को 28 लोगों के खिलाफ कफ सीरप तस्करी का मामला दर्ज कराया था, जिसकी जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है. एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गिरोह के गठन में भोला और शुभम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्यों में स्वपनिल केशरी, दिनेश यादव, आशीष यादव, आकाश पाठक और प्रतीक कुमार शामिल हैं. इन सभी के खिलाफ पहले से रोहनिया और सारनाथ थाने से गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है, इसलिए इन्हें नए गैंग चार्ट में शामिल नहीं किया गया है.
ALSO READ : अंतरराष्ट्रीय संस्था की सूचना पर वाराणसी में केस दर्ज, सोशल मीडिया पर अवैध सामग्री डालने का आरोप...
गिरोह के अन्य सदस्यों में खोजवां बाजार भेलूपुर निवासी दिवेश जायसवाल (सरगना), हुकूलगंज लालपुर पांडेयपुर का विशाल जायसवाल, बादल आर्या, बजरडीहा भेलूपुर का प्रतीक मिश्रा, खोजवा भेलूपुर का विशाल कुमार, ताराधाम कालोनी भेलूपुर का धर्मेंद्र कुमार, जालपा देवी चौक का आदित्य जायसवाल, गायघाट कोतवाली का राहुल यादव, पान दरीबा चेतगंज का हिमांशु कसेरा, वाजिदपुर उत्तरी कोतवाली जौनपुर का विकास सिंह, मोहल्ला ख्चाजा दोस्त कोतवाली का अंकित श्रीवास्तव, काजीपुर खुर्द सोनिया रोड सिगरा का अमित जायसवाल, नवाजबंज छित्तूपुर भेलूपुर का अभिनव कुमार यादव, घनश्याम, अंकुश सिंह, औसानगंज राजापुरा जैतपुरा का मनोज कुमार यादव, और साकेत नंगर लंका का महेश खेतान शामिल हैं.



