Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

भीषण गर्मी में अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग, कबीरचौरा अस्पताल में बना कोल्ड रूम...

 भीषण गर्मी में अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग, कबीरचौरा अस्पताल में बना कोल्ड रूम...
Apr 27, 2026, 08:51 AM
|
Posted By Prashant Sharma

वाराणसी। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है.हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय कबीरचौरा में विशेष कोल्ड रूम तैयार किया गया है.


अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ° बृजेश कुमार ने बताया कि इस सुविधा का मकसद हीट स्ट्रोक और लू से पीड़ित मरीजों को तुरंत राहत और बेहतर इलाज देना है. कोल्ड रूम में वॉटर टब यानी वॉटर बाथ की व्यवस्था की गई है, जिससे 104 से 105 डिग्री तक शरीर का तापमान पहुंचने वाले मरीजों को तुरंत ठंडे पानी से नियंत्रित किया जा सके.


इसके अलावा आइस बॉक्स, ओआरएस पैकेट, थर्मामीटर और जरूरी इमरजेंसी दवाओं का भी पर्याप्त इंतजाम किया गया है.अस्पताल में प्रशिक्षित डॉक्टरों और नर्सों की टीम 24 घंटे तैनात की गई है, ताकि मरीजों को बिना देरी इलाज मिल सके.


Also Read :पीएम के काशी दौरे को लेकर 28 और 29 अप्रैल को ट्रैफिक डायवर्जन, प्‍लान देखकर घर से निकलें


बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले


डॉ. बृजेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें.खासतौर पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक का समय सबसे ज्यादा खतरनाक है. इस दौरान बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को घर में रहने की सलाह दी गई है.

उन्होंने कहा कि बाहर निकलने पर शरीर को पूरी तरह ढकें, हल्के कपड़े पहनें और समय-समय पर पानी पीते रहें.शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है. अगर किसी को चक्कर, कमजोरी या तेज बुखार जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें.समय पर इलाज ही हीट स्ट्रोक से बचाव का सबसे कारगर तरीका है.

पप्पू की चाय अड़ी पर बृजेश सिंह का सम्मान, जुटे शहर के प्रमुख लोग...
पप्पू की चाय अड़ी पर बृजेश सिंह का सम्मान, जुटे शहर के प्रमुख लोग...
वाराणसी: अस्सी स्थित शहर की चर्चित पप्पू की चाय अड़ी पर रविवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां जगन्नाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह का अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम में ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडे भी मौजूद रहे. इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए.समारोह के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया. उपस्थित लोगों ने श्री जगन्नाथ मंदिर से जुड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए ट्रस्ट की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता और सौहार्द का माहौल देखने को मिला.इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडे ने कहा कि इस वर्ष श्री जगन्नाथ जी का आयोजन पहले की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित होने जा रहा है. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारियां की जा रही हैं ताकि आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन सके.कार्यक्रम के दौरान धार्मिक चर्चा के साथ राजनीतिक चर्चाओं ने भी माहौल को गर्म किया. अशोक पांडे ने अपनी व्यक्तिगत राय रखते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बृजेश सिंह एक मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बृजेश सिंह और उनका परिवार लंबे समय से भाजपा की विचारधारा और संगठन से जुड़ा रहा है तथा लगातार सक्रिय भूमिका निभाता आया है.समारोह के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे का आभार व्यक्त किया साथ ही धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा समाज में एकजुटता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया.
काशी विद्यापीठ में संस्थापक राष्ट्ररत्न बाबू शिव प्रसाद गुप्त की जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित...
काशी विद्यापीठ में संस्थापक राष्ट्ररत्न बाबू शिव प्रसाद गुप्त की जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित...
वाराणसी: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में रविवार को संस्थापक राष्ट्ररत्न बाबू शिव प्रसाद गुप्त की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने पंत प्रशासनिक भवन में उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. साथ ही महात्मा गांधी एवं डॉ. भगवान दास के चित्रों पर भी पुष्प अर्पित कर नमन किया.इसके बाद शिक्षा शास्त्र विभाग में स्थापित बाबू शिव प्रसाद गुप्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. विश्वविद्यालय परिसर में उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए. वक्ताओं ने कहा कि बाबू शिव प्रसाद गुप्त का जीवन त्याग, समर्पण और देशसेवा की प्रेरणा देता है.कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के प्रतिनिधि प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल ने कहा कि काशी विद्यापीठ की स्थापना देश को शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई थी और आज भी यह अपने मूल उद्देश्यों पर आगे बढ़ रहा है.ALSO READ:नमो घाट की दुकान में लगी आग ने उजागर की सुरक्षा में बड़ी चूक, फायर सेफ्टी इंतजामों पर उठे सवाल...कार्यक्रम में कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, शिक्षा शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. रमाकांत सिंह, मुख्य गृहपति डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह, कुलपति के पीएस प्रमोद कुमार सहित शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
नमो घाट की दुकान में लगी आग ने उजागर की सुरक्षा में बड़ी चूक, फायर सेफ्टी इंतजामों पर उठे सवाल...
नमो घाट की दुकान में लगी आग ने उजागर की सुरक्षा में बड़ी चूक, फायर सेफ्टी इंतजामों पर उठे सवाल...
वाराणसी: नमो घाट फेस-2 पर शनिवार देर रात एक फास्ट फूड की दुकान में लगी आग ने घाट पर मौजूद दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना भले ही समय रहते नियंत्रित हो गई, लेकिन इसने यह साफ कर दिया कि भीड़भाड़ वाले इस पर्यटन स्थल पर आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं.जानकारी के मुताबिक चंदौली निवासी आरएन तिवारी की “तीखी तेवर” नाम से संचालित दुकान में कर्मचारी रात में बचा हुआ इडली-सांभर गर्म कर रहा था. इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने फाइबर से बनी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर मौजूद दुकानदारों और कर्मचारियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया.इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया.दुकान संचालक के अनुसार करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है.घटना के बाद नमो घाट पर बनी दुकानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था चर्चा का विषय बन गई है. स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत यहां एल्यूमिनियम शीट, लोहे की पाइप, फाइबर और लकड़ी जैसी हल्की सामग्री से 80 से अधिक दुकानें बनाई गई हैं. हर दिन यहां हजारों पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचते हैं, लेकिन अधिकांश दुकानों में आग से बचाव के लिए जरूरी उपकरण मौजूद नहीं हैं.शनिवार की रात आग बुझाने के दौरान भी अग्निशमन यंत्रों की गैरमौजूदगी साफ दिखी.यदि आग ने विकराल रूप ले लिया होता या सिलेंडर फट जाता, तो कई दुकानों तक इसकी चपेट पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था.स्थानीय लोगों का कहना है कि नमो घाट जैसे संवेदनशील और व्यस्त स्थल पर नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाना चाहिए. साथ ही सभी दुकानों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य किए जाएं और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए.ALSO READ : रमना स्वास्थ्य केन्द्र से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई ‘दो बूंद जिंदगी की’...यह घटना प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी मानी जा रही है. लोगों का मानना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय अभी से सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर उन्हें मजबूत किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में जन-धन के नुकसान से बचा जा सके.