अब तकनीक से होगी राजमार्गों की निगरानी, रखरखाव पर एनएचएआई का जोर

वाराणसी : राष्ट्रीय राजमार्गों के प्रबंधन, निगरानी एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा डिजिटल एवं तकनीक आधारित पहलों को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है. इसी क्रम में एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालय, पूर्वी उत्तर प्रदेश, वाराणसी में विभिन्न तकनीक आधारित पहलों के संबंध में समीक्षा और जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया. ये पहल मुख्य रूप से नेशनल हाईवे के रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए है.
प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी पंकज मौर्या ने राजमार्गों की निगरानी, सड़क की गुणवत्ता की जांच, परिसंपत्तियों के प्रबंधन और रखरखाव से जुड़ी आधुनिक व्यवस्थाओं की उपयोगिता और कार्यप्रणाली पर चर्चा की. राजमार्गों की स्थिति का वैज्ञानिक आकलन करने के लिए सड़क सर्वेक्षण वाहन से जानकारी जुटाने, डिजिटल परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली से राजमार्गों से जुड़ी परिसंपत्तियों का व्यवस्थित प्रबंधन और भार आधारित सड़क परीक्षण यंत्र से सड़क की मजबूती जांचने की जानकारी दी. साथ ही डिजिटल राजमार्ग प्रबंधन प्रणाली के जरिए निगरानी और रखरखाव को प्रभावी बनाने पर चर्चा की. वाहनों में लगे कैमरों से सड़क की स्थिति और विभिन्न गतिविधियों की निगरानी को भी महत्वपूर्ण बताया गया.
सेमिनार में एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी वाराणसी, श्री पंकज मौर्या जी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इन पहलों के प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर अपने सुझाव, अनुभव एवं फीडबैक भी साझा किए. सेमिनार में विशेष रूप से डिजिटल तकनीक के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों की निगरानी, सड़क एवं पेवमेंट की स्थिति का वैज्ञानिक आकलन, डेटा आधारित निर्णय लेने, परिसंपत्ति प्रबंधन तथा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया गया.
ALSO READ : BHU में पेड़ों की अवैध कटाई पर छात्रों ने उठाई आवाज, 2.65 करोड़ की NGT पेनल्टी दोषी अधिकारियों से वसूलने की मांग
एनएचएआई द्वारा इन तकनीकी पहलों के माध्यम से राजमार्ग प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, डेटा-आधारित, प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है. आधुनिक डिजिटल समाधानों के प्रभावी उपयोग से राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता, रखरखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी.



