काशी विद्यापीठ के कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह को मिला 'विशिष्ट शिक्षक सम्मान...

वाराणसी : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुलानुशासक एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के निदेशक प्रो. के.के. सिंह को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक योगदान के लिए 'विशिष्ट शिक्षक सम्मान' से सम्मानित किया गया। मंगलवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
प्रो. के.के. सिंह लंबे समय से महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शिक्षा, शोध और प्रशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में कुलानुशासक के साथ-साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के निदेशक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। इसके अतिरिक्त वे गृहपति, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष तथा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का भी प्रभावी ढंग से निर्वहन कर चुके हैं।
ALSO READ : श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में लगे एयर प्यूरीफायर श्मशान का धुआं बन रही शुद्ध हवा...
शैक्षणिक क्षेत्र में भी प्रो. सिंह का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनकी अब तक आठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जबकि 30 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके शोध कार्यों और अकादमिक योगदान को व्यापक स्तर पर सराहना मिली है।
दीक्षांत समारोह में मिले इस सम्मान पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने प्रो. के.के. सिंह को बधाई देते हुए इसे पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय बताया। समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे.



