काशी विश्वनाथ मंदिर धाम की सुरक्षा में नहीं लगेगा सेंध, अधिकारियों ने खींचा खाका

The security of the Kashi Vishwanath Temple shrine will not be compromised, officials have drawn a blueprint.
वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर धाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए बड़े बदलाव किए जाने की तैयारी है. सुरक्षा का अभेद बनाने के लिए धाम क्षेत्र में एआई तकनीक से लैस आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके साथ ही मंदिर परिसर की दीवारों की ऊंचाई बढ़ाने और भैरव गेट पर अत्याधुनिक स्लाइडिंग गेट लगाने की तैयारी की जा रही है. अपर निदेशक आईबी विनीता शर्मा, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और एडीजी सुरक्षा तरुण गाबा ने गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

धाम के निरीक्षण और बैठकों का दौर
अधिकारियों ने मंदिर परिसर, गंगा द्वार और आसपास के मार्गों का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही को और सुगम बनाने पर चर्चा की. निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी पर्वों और विशेष अवसरों पर भारी भीड़ को देखते हुए निर्बाध और सुरक्षित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

भीड़ का दबाव
अधिकारियों ने उड़पी और आसपास की दुकानों पर आने वाले लोगों तथा गंगा द्वार से लौटने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नए वैकल्पिक मार्ग संचालित करने के निर्देश दिए. इसके तहत द्वार संख्या-4 के पास प्रशासनिक भवन के बगल से नया मार्ग विकसित किया जाएगा, जिससे भीड़ का दबाव कम किया जा सके.

यह भी पढ़ें: गरीब बेटियों के लिए शादी अनुदान योजना फिर शुरू, जान लें आवेदन प्रक्रिया
धाम क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था
बैठक में धाम क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने पर विशेष बल दिया गया. वर्तमान में लगे करीब 325 सीसीटीवी कैमरों, वीडियो एनालिटिक्स सिस्टम, वॉच टावर और नाइट विजन उपकरणों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके



