वाराणसी में चोरी के शक में पेड़ से बांधकर पिटाई से मजदूर की मौत, ईंट भट्ठा मालिक समेत दो गिरफ्तार

वाराणसी : चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर में चोरी के शक में पिटाई से रामजनम वनवासी (45) नामक मजदूर की मौत होने का मामला सामने आया है. मृतक की पत्नी सीता की तहरीर पर चोलापुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. इस मामले में पुलिस ने भट्ठा मालिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, चंदौली के धराव गांव निवासी रामजनम गोसाईंपुर के बड़कीबारी स्थित ससुराल में रहता था और चिरईगांव में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था. बताया गया कि 20 अगस्त को रामजनम हड़ियाडीह स्थित अजय सिंह के ईंट-भट्ठे के पास दिखाई दिया. चोरी के शक में अजय सिंह ने अपने साथी गरथौली निवासी विशाल सिंह के साथ उसे पकड़ लिया. दोनों ने रामजनम को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडे से पीटा. पिटाई से वह बेसुध हो गया तो दोनों उसे उसकी ससुराल पहुंचाने के लिए निकले. रास्ते में उसकी मौत हो गई. इसके बाद दोनों शव धान के खेत में छोड़कर भाग गए.
21 अगस्त को पुलिस ने खेत से शव बरामद कर परिजनों से शिनाख्त कराई थी. बुधवार को पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंह निवासी शिवदसा और विशाल सिंह पुत्र स्व. रमेश सिंह निवासी गरथौली को गिरफ्तार कर लिया.
ALSO READ:BHU के प्रोफेसर आशुतोष मोहन को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026
वीडियो सामने आने के बाद बदला जांच का रुख

शव मिलने के बाद प्रारंभिक तौर पर पुलिस को गंभीर चोट लगने से मौत की आशंका थी. इसी बीच पेड़ से बांधकर पिटाई का वीडियो सामने आया. वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया. मामले में अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है.



