लापरवाही , निर्माणाधीन मकान के पास गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत, परिवार में मातम

वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवरिया में राज मिस्त्री अभय पटेल के दस वर्षीय पुत्र आशु का शव घर के पास एक निर्माणाधीन मकान के पीछे पानी से भरे गड्ढे में मिलने से क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया. वह ट्यूबवेल पर नहाने गया था. वहां से नहीं लौटने पर चिंतित परिजन ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज से लोकेशन देखी और तलाश करते हुए पहुंचे तो शव पानी भरे गड्ढे में मिला. पुलिस बच्चे का शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.
शिवपुर के चांदमारी पुलिस चौकी अंतर्गत बेलवरिया गांव निवासी राजमिस्त्री अभय पटेल के दो पुत्रों में बड़ा 10 वर्षीय आशु घर से बुधवार की सुबह आठ बजे 200 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर नहाने गया था. काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटा तो स्वजन को चिंता हुई. परिवार वाले ट्यूबवेल पर गए तो वहां आशु की की चप्पल और बनियान पड़ी थी लेकिन वह आसपास नहीं दिखा. चिंतित परिवार वाले वापस आए और रास्ते में एक मकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी. इसमें वह जाता हुआ दिखाई दिया. परिवार वाले उसी रास्ते पर निकले और घर के निकट एक निर्माणाधीन मकान तक पहुंचे लेकिन पता नहीं चला. दोपहर दो बजे के करीब एक बार फिर से खोजबीन शुरू की गई.
इस बीच गांव के खेत में बन रहे राजेश पटेल के निर्माणाधीन मकान के पास गए और इसके पीछे बने करीब 10 फीट गहरे और 20 फीट चौड़े पानी से भरे हुए गड्ढे में उतरकर देखा तो आशु मिल गया. उसे बाहर निकालकर दीनदयाल अस्पताल लेकर गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
आशु की छोटी बहन पांच वर्षीय पूजा पटेल की एक साल पहले मौत हुई थी. परिवार वालों के अनुसार पूजा की मौत का कारण बीमारी था. परिवार वाले इस दुख से उबर भी नहीं पाए थे और अब बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बच्चे की मां काजल ने रोते हुए कहा कि कक्षा दो में पढ़ने वाला आशू नहीं गया. काश स्कूल गया होता तो मेरा बेटा बच जाता. इतना कहते हुए वह अपने छोटे 5 वर्षीय बेटे अंकित पटेल को गले लगा कर रोने लगीं.
वीडीए की लापरवाही, बिना सुरक्षा के निर्माण
वाराणसी विकास प्राधिकरण की लापरवाही भी सामने आई है. क्षेत्र में अवैध निर्माण होने और निर्माण से पहले गड्ढे खोदने की शिकायत मिलने या दिखाई पड़ने पर भी कार्रवाई नहीं करते हैं. यदि समय से वीडीने नोटिस जारी करने के साथ भवन स्वामी को चेताया होता तो शायद एक मासूम की जान नहीं जाती. खेत में बन रहे मकान के पीछे गड्ढा तो खोदा गया, लेकिन इसके आसपास के सुरक्षात्मक उपकरण नहीं लगा था.
ALSO READ:वाराणसी में चोरी के शक में पेड़ से बांधकर पिटाई से मजदूर की मौत, ईंट भट्ठा मालिक समेत दो गिरफ्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर में चोरी के शक में पिटाई से रामजनम वनवासी (45) नामक मजदूर की मौत होने का मामला सामने आया है. मृतक की पत्नी सीता की तहरीर पर चोलापुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. इस मामले में पुलिस ने भट्ठा मालिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, चंदौली के धराव गांव निवासी रामजनम गोसाईंपुर के बड़कीबारी स्थित ससुराल में रहता था और चिरईगांव में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था. बताया गया कि 20 अगस्त को रामजनम हड़ियाडीह स्थित अजय सिंह के ईंट-भट्ठे के पास दिखाई दिया. चोरी के शक में अजय सिंह ने अपने साथी गरथौली निवासी विशाल सिंह के साथ उसे पकड़ लिया. दोनों ने रामजनम को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडे से पीटा. पिटाई से वह बेसुध हो गया तो दोनों उसे उसकी ससुराल पहुंचाने के लिए निकले. रास्ते में उसकी मौत हो गई. इसके बाद दोनों शव धान के खेत में छोड़कर भाग गए.
21 अगस्त को पुलिस ने खेत से शव बरामद कर परिजनों से शिनाख्त कराई थी. बुधवार को पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंह निवासी शिवदसा और विशाल सिंह पुत्र स्व. रमेश सिंह निवासी गरथौली को गिरफ्तार कर लिया.



