केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में 'दीक्षारंभ' प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ...

वाराणसी. केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान, सारनाथ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 'दीक्षारंभ' का शनिवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों, अनुशासन और सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का संदेश दिया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए संस्थान के कुलपति प्रो. वांगछुग दोर्जे नेगी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल किताबी ज्ञान अर्जित करने का समय नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर इंसान बनाने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने भीतर करुणा, प्रेम, सद्भावना, अहिंसा और शांति जैसे मानवीय गुणों का विकास करना चाहिए। साथ ही कक्षा की पढ़ाई के अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी, नई चीजें सीखने की जिज्ञासा तथा मानसिक संतुलन के लिए ध्यान, योग और खेलकूद को भी जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

संस्थान की कुलसचिव डॉ. सुनीता चंद्रा ने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य ऊंचे रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गलतियों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। समय के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने छात्रों को आज का कार्य आज ही पूरा करने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी।
ALSO READ : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 'दीक्षोत्सव-2026' के तहत चला व्यापक स्वच्छता अभियान
संस्थान के छात्र संगठन 'सापा' द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करेंगी।
कार्यक्रम में डॉ. जम्पा सामतेन, डॉ. लक्पा सेरिंग, डॉ. हिमांशु पाण्डेय, डॉ. महेश शर्मा सहित संस्थान के शिक्षक एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



