वाराणसी में क्रिकेट मैच विवाद में वकीलों से मारपीट, थाने का किया घेराव

वाराणसी: क्रिकेट मैच के विवाद को लेकरवकीलों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. आरोप है कि स्टेडियम की लाइटें बंद कर और गेट लगाकर उनकी जमकी पिटाई की गई. इस घटना में आधा दर्जन लोगों को चोट पहुंची है. जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. घटना के विरोध में आक्रोशित अधिवक्ताओं ने लालपुर थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की.

यह घटना वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित एम.एस. क्रिकेट एकेडमी, रिंग रोड चांदमारी में हुई. बसनी, बड़ागांव निवासी चंद्रेश कुमार सिंह ने लालपुर पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मैच समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने गेट बंद कर अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला किया, मारपीट की और लूटपाट की.
यह भी पढ़ें: रंगभरी एकदशी पर भक्तों में उल्लास, होली के रंग में रंगी काशी नगरी
मैदान की लाइटें बंद करने पर विरोध
तहरीर के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ी और अधिवक्ता अपना सामान समेट रहे थे. इसी दौरान मैदान की लाइटें बंद कर दी गईं. विरोध करने पर वहां मौजूद कर्मचारी ने गाली-गलौज की और अपने मालिक सहर्ष प्रताप सिंह उर्फ गोलू को बुला लिया. सहर्ष प्रताप सिंह, मयंक सिंह मोन, राजदीप कुमार उर्फ राजीव कुमार, वेद प्रकाश मिश्रा समेत करीब आठ लोग दो चार पहिया वाहनों से पहुंचे और मैदान का मुख्य गेट बंद कर दिया.

हमलावरों ने हॉकी, डंडा, रॉड और लाठी से मैदान में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया. हमले में अधिवक्ता राहुल सिंह और सौरभ सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. आरोप है कि एक व्यक्ति से हॉकी से मारपीट की गई और उसके गले से करीब पांच तोले की सोने की चेन तथा मोबाइल छीन लिया गया. अन्य अधिवक्ताओं से भी नकदी, मोबाइल और चेन छीनने का आरोप है.
घटना से आक्रोशित सैकड़ों अधिवक्ता पहुंचे थाने
घटना से आक्रोशित सैकड़ों अधिवक्ता लालपुर-पांडेयपुर थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. इंस्पेक्टर लालपुर द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त किया. सेंट्रल बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक राय कान्हा ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.



