वाराणसी में नगर निगम का बड़ा अभियान, 100 वार्डों में रात को होगा रियलिटी चेक

वाराणसी : शहर में स्ट्रीट लाइट और रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत जांचने के लिए नगर निगम ने विशेष निरीक्षण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है. नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के आदेश पर शहर के सभी 100 वार्डों में 7 से 19 अक्टूबर तक नोडल अधिकारियों और लाइटिंग विभाग की टीमों द्वारा धरातलीय निरीक्षण किया जाएगा. इस दौरान अधिकारी केवल कागजी रिपोर्ट पर निर्भर नहीं रहेंगे, बल्कि शाम और रात के समय खुद सड़कों पर उतरकर स्ट्रीट लाइट और नाइट स्वीपिंग व्यवस्था का जायजा लेंगे.
बंद और पीली पड़ चुकी स्ट्रीट लाइटों की होगी गिनती
निरीक्षण के दौरान मुख्य और आंतरिक मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जांच की जाएगी. अधिकारी यह भी देखेंगे कि—
कितनी स्ट्रीट लाइटें चालू हैं और कितनी बंद हैं.
कितनी लाइटें पीली या खराब स्थिति में हैं.
साप्ताहिक मरम्मत टीम वास्तव में सक्रिय है या नहीं.
निर्धारित समय पर स्ट्रीट लाइटें ऑन और ऑफ हो रही हैं या नहीं.
किन इलाकों में पर्याप्त रोशनी नहीं है.
ALSO READ : जमीन के नाम पर हेड कांस्टेबल से लाखों की ठगी, दो पुलिसकर्मियों पर भी रकम लेने का आरोप
‘डार्क स्पॉट’ होंगे चिन्हित
नगर निगम की टीम शहर के डार्क स्पॉट्स यानी ऐसे स्थान जहां रात में पर्याप्त रोशनी नहीं रहती, उन्हें भी चिन्हित करेगी. इन स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए रिपोर्ट और कार्ययोजना तैयार की जाएगी. इसके साथ ही रात में सफाई करने वाले सफाई मित्रों की मौके पर मौजूदगी और नाइट स्वीपिंग की गुणवत्ता भी जांची जाएगी. निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को दैनिक रिपोर्ट नगर निगम के आईटी एक्सपर्ट विद्या प्रकाश दुबे को भेजनी होगी. इन रिपोर्टों के आधार पर समेकित रिपोर्ट तैयार कर नगर आयुक्त और प्रभारी अधिकारी (आलोक) के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी. नगर निगम का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. अब 7 से 19 अक्टूबर तक वाराणसी की रातों में होने वाला यह निरीक्षण यह बताएगा कि शहर की स्ट्रीट लाइट और नाइट स्वीपिंग व्यवस्था कागजों से निकलकर जमीन पर कितनी प्रभावी है.



