आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी मणिकर्णिका घाट से गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर प्रताड़ित करने का आरोप

वाराणसी : मण्डुवाडीह थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और सोमवार को मणिकर्णिका घाट से सुबह करीब 7:20 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्वनी गौतम उर्फ देव सिंह (29) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मण्डुवाडीह थाने में मु0अ0सं0 0287/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर 23 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। आरोप है कि प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने आत्महत्या कर ली। मामले में युवती के पिता ने 10 अगस्त 2026 को मण्डुवाडीह थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
ALSO READ : IIT-BHU में विद्यार्थियों के लिए दो नई बसों का शुभारंभ, परिवहन व्यवस्था होगी और सुगम
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के महुआ महोई मुर्रा गांव का रहने वाला है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार यादव कर रहे हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार यादव और कांस्टेबल अतुल कुमार पाण्डेय शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



