ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, पटरी पार करते समय हुई घटना

वाराणसी : रोहनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. क्षेत्र के मड़ाव गांव के पास रेलवे लाइन पार करते समय यह हादसा हुआ. मृतक की पहचान 50 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है, जो पेशे से पान विक्रेता थे. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया.
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र शुक्रवार को किसी निजी कार्य से मड़ाव रेलवे लाइन की ओर गए थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह पटरी पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए. संभवतः कोहरे या ध्यान न दे पाने के कारण उन्हें आती हुई ट्रेन का अंदाजा नहीं लगा.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए(. स्थानीय लोगों ने तत्काल भदवर पुलिस चौकी को इसकी जानकारी दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पान विक्रेता देवेंद्र की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोग आनन फानन घटनास्थल पर पहुंचे. देवेंद्र अपने परिवार के मुख्य सहारा थे, और उनके निधन से परिवार को गहरा आघात लगा है. पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
ALSO READ:वाराणसी में डीसीपी वरुणा जोन कार्यालय का नवनिर्मित भवन उद्घाटित, पुलिसिंग को मिलेगी गति
कार हादसे में एक की मौत
वाराणसी - मीरजापुर सीमा के पास भुईली चौराहे के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. अल्टो कार से हुई इस दुर्घटना में धर्मेन्द्र, पुत्र स्वर्गीय बाबूलाल, निवासी गनेशपुर, थाना चकिया, जनपद चंदौली की मौके पर ही मृत्यु हो गई. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मृतक का शव कार में फंस गया और कुछ दूरी तक घसीटता चला गया. इस हादसे में कार की चपेट में आने से तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं. राहत की बात यह रही कि तीनों घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही मीरजापुर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.



