वाराणसी में डीसीपी वरुणा जोन कार्यालय का नवनिर्मित भवन उद्घाटित, पुलिसिंग को मिलेगी गति

वाराणसी : नववर्ष के अवसर पर कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक सौगात मिली. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन कार्यालय के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया. उद्घाटन के पश्चात सीपी ने कार्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान भवन की संरचनात्मक गुणवत्ता, विभिन्न कक्षों की उपयोगिता, अभिलेख प्रबंधन व्यवस्था तथा उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन करते हुए प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और कार्यकुशल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

एक ही छत के नीचे होंगे प्रशासनिक कार्य
नवनिर्मित डीसीपी वरुणा ज़ोन कार्यालय के संचालन से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशासनिक, समीक्षा और समन्वय संबंधी कार्य एक ही स्थान पर संपादित करने में सुविधा मिलेगी. इससे निर्णय प्रक्रिया और अधिक त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी होने की उम्मीद है. पुलिस आयुक्त ने बैठक कक्ष, स्टाफ सुविधाओं तथा जनसामान्य से जुड़े काउंटरों की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध और सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए.

ALSO READ:वाराणसी में मां के साथ सोया था दुधमुंहा, रजाई में दम घुटने से मौत
रिजर्व पुलिस लाइन का भी किया निरीक्षण
उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत पुलिस आयुक्त द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया गया. इस दौरान परिसर की स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप रख-रखाव सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया.
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन नीतू कादयान, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे.



