मेहंदी समारोह में चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार...

वाराणसी: आदमपुर थाना क्षेत्र के मुकीमगंज स्थित शंकर सरदार बाड़ा गेस्ट हाउस में मेहंदी समारोह के दौरान बारातियों का मोबाइल और कीमती सामान चोरी करने वाले शातिर चोर को आदमपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के छह मोबाइल फोन, नकदी, स्मार्ट वॉच, एयर फोन और अन्य सामान बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार मऊ जिले के जमालपुर निवासी मयंक राय के परिवार में शंकर सरदार बाड़ा गेस्ट हाउस में मेहंदी रस्म का कार्यक्रम आयोजित था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कई लोग हाल में सो गए थे. इसी दौरान देर रात किसी ने वहां मौजूद लोगों के मोबाइल फोन, नकदी, स्मार्ट वॉच, एयर फोन और कपड़ों से भरे बैग समेत अन्य सामान चोरी कर लिया.
सुबह लोगों को सामान गायब होने की जानकारी हुई तो गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद मामले की सूचना आदमपुर पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जांच के दौरान गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने चोरी हुए मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया.
ALSO READ:दिल्ली-NCR में तेज आंधी के साथ बारिश, फिर शुरू होगी झुलसाने वाली गर्मी
सर्विलांस के जरिए एक मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने काशी रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सिद्धार्थ साहनी निवासी कोनिया बताया. तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के छह मोबाइल फोन, 1600 रुपये नकद, कपड़ों से भरा बैग, स्मार्ट घड़ी और एयर फोन बरामद किया गया.
इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं.



