तमंचे से भयभीत कर 45 हजार नकद समेत मोबाइल की लूट, बाइक की चाबी ले भागे बदमाश...

वाराणसी : बड़ागांव थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक डॉक्टर को तमंचे से भयभीत कर लूट लिया. क्लीनिक से घर लौट रहे डॉक्टर से तीन बाइक सवार बदमाशों ने 45 हजार नकद, मोबाइल फोन, बाइक की चाबी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार अहरक गांव निवासी डॉ. अखिलेश कुमार विश्वकर्मा रोज की तरह मंगलवार रात करीब 11 बजे चिउरापुर स्थित अपने क्लीनिक से घर लौट रहे थे. इस बीच हथीवार नहर के पास पहले से घात लगाए एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोक लिया. बदमाशों ने तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उनकी तलाशी ली.
बदमाश डॉक्टर की जेब से 45 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीन ले गए. साथ ही दवाइयों से भरा बैग भी लूट लिया, जिसमें एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, बाइक के कागजात समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे. हालांकि बदमाश बाइक को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए.
ALSO READ :वाराणसी में उद्घाटन के पांचवें दिन दुकान में लगी आग, लाखों के कपड़े राख
पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि मोबाइल भी बदमाश लूट ले गए थे, इसलिए वह रात में तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सके. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इस घटना ने लोगों को चिंता में डाल दिया है. क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है. लोगों का कहना है कि बड़ागांव क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए.



