चौबेपुर में आकाशीय बिजली गिरने से टीन शेड ढहा, लाखों की क्षति

वाराणसी : जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के आराजी चंद्रावती गांव में मंगलवार की मध्य रात्रि बारिश के बीच तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरने से रामधारी यादव का टीन शेड ढह गया. हादसे में टीन शेड में रखी मोटरसाइकिल, घरेलू सामान और चार साइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. इसके अलावा पड़ोसी की एक दीवार भी गिर गई. हालांकि घटना में जनहानि की सूचना नहीं है वहीं, लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, रामधारी यादव का गांव में पैतृक मकान है. वह मुंबई में रहकर एक निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि घर पर उनकी पत्नी, बच्चे और भाइयों के परिवार के सदस्य रहते हैं. परिजनों ने बताया कि मंगलवार की मध्य रात्रि तेज बारिश के दौरान अचानक जोरदार आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी. आवाज सुनकर परिजन सहम गए. बारिश कम होने के बाद जब वे मकान से बाहर निकले तो देखा कि घर के बगल में लगा टीन शेड गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था. वहीं, पड़ोसी की एक दीवार भी गिर गई थी.
ALSO READ : 150 वाहनों के काफिले के साथ निकला मदहे सहाबा का जुलूस, ‘सरकार की आमद मरहबा’ से गूंजा शहर
परिजनों के मुताबिक, टीन शेड में एक मोटरसाइकिल, घरेलू उपयोग का सामान और चार साइकिलें रखी थीं. शेड गिरने से सभी सामान क्षतिग्रस्त हो गया. टीन शेड में पशु भी बांधे जाते हैं, लेकिन संयोग से मंगलवार को वहां कोई पशु नहीं बांधा गया था. इससे एक बड़ा हादसा टल गया. बुधवार सुबह घटना की जानकारी परिजनों ने ग्राम प्रधान और लेखपाल को दी है. विभागीय कर्मियों ने मौका मुआयना किया.



