शिवपुर में बंदरों का आतंक, 15 दिनों में कई लोगों को बनाया शिकार....

वाराणसी : शिवपुर थाना और आसपास के इलाके में बंदरों के बढ़ते आतंक से पुलिसकर्मी ही नहीं, फरियादी और स्थानीय लोग भी भयभीत हैं. पिछले करीब 15 दिनों में कई लोगों को बंदरों ने काटकर घायल कर दिया. बंदर के हमले में घायल लोगों ने शिवपुर सीएचसी पहुंचकर उपचार कराया और एंटी-रेबीज के इंजेक्शन लगवाए. हालत यह है कि कब और कहां से बंदर हमला कर दे कोई नहीं जानता.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंदरों ने थाने में अपनी फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को भी निशाना बनाया. इसके अलावा करीब तीन स्थानीय लोगों के बंदर के काटने से घायल होने की बात सामने आई है. इससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्षद बलराम कनौजिया के अनुरोध पर नगर निगम की बंदर पकड़ने वाली टीम शिवपुर थाने पहुंची.
ALSO READ : बंदरों की उछलकूद में ट्रांसफार्मर फुंका, 200 से ज्यादा घरों की बिजली गुल....
टीम ने अभियान चलाकर पांच बंदरों को पकड़ लिया. हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार, अभी भी दो दर्जन से अधिक बंदर थाना परिसर और आसपास के क्षेत्र में मौजूद हैं. स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से अभियान को लगातार चलाने की मांग की है, ताकि बचे हुए बंदरों को भी पकड़ा जा सके और थाने आने वाले फरियादियों व क्षेत्रवासियों को बंदरों के आतंक से राहत मिल सके.



