वाराणसी में सीवर-पेयजल पाइपलाइन कार्य की CCTV से होगी निगरानी

वाराणसी। शहर के 22 प्रभावित वार्डों में सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के महाअभियान को लेकर नगर निगम ने निगरानी व्यवस्था सख्त कर दी है। अब निर्माण कार्य वाली सभी साइटों पर सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों को स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम और नगर निगम मुख्यालय से लिंक किया जाएगा, ताकि कार्य की प्रगति और गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा सके।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल निगम को मेन लाइन और ब्रांच लाइन के काम का विवरण, प्रतिदिन का लक्ष्य और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

महापौर ने जंगमवाड़ी, शिवाला, नगवा और बंगाली टोला वार्ड में 16 सितंबर से सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम के मुताबिक 2161 करोड़ रुपये की इस महापरियोजना के तहत करीब 353.13 किलोमीटर सीवर लाइन और 651.64 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाई जानी है।
ALSO READ:वाराणसी में मोदी के जन्मदिन को बेटियों ने अनोखे ढंग से बनाया विशेष, बढ़-चढ़ कर लिया हिस्सा...
नगर निगम का कहना है कि निर्माण के दौरान लोगों को कुछ समय के लिए असुविधा हो सकती है, लेकिन परियोजना पूरी होने के बाद सीवर ओवरफ्लो और जलजमाव जैसी समस्याओं से लंबे समय तक राहत मिलने की उम्मीद है।
आगामी भूमि पूजन का कार्यक्रम
20 सितंबर: सरायनंदन और बिरदोपुर वार्ड
21 सितंबर: भेलूपुर और दुर्गाकुंड वार्ड
22 सितंबर: नारियाँ और जोल्हा उत्तरी वार्ड
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत नगर निगम, जलकल, जल निगम के अधिकारी, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



