वाराणसी में सुबह कोहरे ने किया चकित, जानिए मौसम में होने वाला बदलाव

वाराणसी : पहाडों पर बर्फ और दिल्ली एनसीआर में बारिश का असर पूर्वांचल सहित वाराणसी में देखने को मिल रहा है. गुरुवार की सुबह घने कोहरे की चादर में डूबी रही. सुबह दस बजे के बाद तक धूप का नामोनिशान नहीं था. दिन चढ़ने पर सुबह 11 बजे के बाद आसमान साफ हो सका और आसमान से कोहरे की चादर हटी तो लोगों को गलन से कुछ राहत मिली. हालांकि मौसम विभाग ने इस बीच नया अलर्ट जारी किया है. इसकी वजह से आने वाले दिनों में एक बार फिर से मौसम बदलेगा और गलन की जद में समूचा पूर्वांचल नजर आ सकता है.
सुबह ठंडी हवाओं का दौर देर तक रहा और गलन भरी हवाओं की जद में वातावरण के बने रहने से लोगों को ठंड का पर्याप्त अहसास हुआ. स्वेटर जैकेट रखने की तैयारी कर रहे लोगों को ठंड ने अपना बखूबी अहसास कराया. गलन भरी हवाओं ने सिहराया भी और कंपाया भी। माना जा रहा है आने वाले कुछ घंटों तक गलन और कोहरे का असर बना रह सकता है.
मौसम विभाग ने इसी बीच नया अलर्ट भी जारी किया है. मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार शुक्रवार को भी कोहरे का दौर पूर्वांचल में बना रह सकता है. इसके साथ ही ठंडी हवाएं भी चलेंगी. एक पश्चिमी विक्षोभ का असर और भी आने जा रहा है. यह अभी पाकिस्तान के आसपास पहुंचा है. मौसम विभाग ने तीन फरवरी के आसपास बादलों की सक्रियता का अनुमान जताया है. इसकी वजह से बादलों की आवाजाही का रुख बना रह सकता है.
ALSO READ : वाराणसी में संत रविदास जयंती पर तीन दिन ट्रैफिक डायवर्जन, एडवाइजरी देखकर घर से निकलें
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 24.3°C दर्ज किया गया जो समाान्य रहा. न्यूनतम तापमान 12.0°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा. न्यूनतम आर्द्रता 78% और अधिकतम आर्द्रता 97% दर्ज की गई. आर्द्रता में इजाफा के साथ ही तापमान में भी अधिकता की स्थिति बादलों की सक्रियता का अंदेशा दे रहा है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही का दौर दोबारा शुरू हो सकता है. इसके पीछे पछुआ का जोर होगा तो ठंडी हवाओं का असर भी पूर्वांचल तक प्रभावित कर सकता है.



