मां ने मासूम संग दी जान, डांट से आहत युवती ने भी लगाई फांसी; एक ही रात में तीन मौत...

वाराणसी : चंदौली क्षेत्र में शुक्रवार की रात कुछ ही घंटों के अंतराल में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. पहली घटना में एक विवाहिता ने अपने दो वर्षीय बेटे के साथ फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि दूसरी घटना में 19 वर्षीय युवती ने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली.एक ही रात में हुई तीन मौतों से क्षेत्र में सनसनी फैल गई.पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है.प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं के पीछे पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की बात सामने आई है.
जानकारी के अनुसार, हनुमानपुर अहीरान निवासी अजय पटेल की पत्नी प्रिया ने शुक्रवार रात अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. आरोप है कि इससे पहले उसने अपने दो वर्षीय बेटे युवराज को भी फंदे पर लटका दिया.काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ.दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो मां और बेटे के शव फंदे से लटके मिले. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है.
वहीं दूसरी घटना सुभाष नगर की है, जहां 19 वर्षीय खुशी सिंह ने भी शुक्रवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. बताया जा रहा है कि खुशी कुछ दिन पहले बिना बताए दोस्तों के साथ दार्जिलिंग घूमने चली गई थी.इस पर उसके पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी.करीब एक सप्ताह बाद घर लौटने पर परिजनों ने उसे डांट-फटकार लगाई थी.माना जा रहा है कि इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठा लिया.
ALSO READ : फिटनेस फेल और बिना परमिट वाली 807 स्कूल बसों पर शिकंजा,सड़कों पर नहीं दौड़ेंगी...
खुशी के पिता बबलू सिंह डीडीयू नगर स्टेशन पर वाहन चालक हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं.पुलिस दोनों मामलों की हर पहलू से जांच कर रही है.अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटनाओं के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे.



