नमामि गंगे का स्वच्छता अभियान, लोगों से अपील- गंगा में न डालें पूजन सामग्री और धार्मिक पुस्तकें...

वाराणसी: राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत सोमवार को नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई ने राजघाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर गंगा तट की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया. अभियान के दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के सफाईकर्मियों के साथ मिलकर श्रमदान किया तथा गंगा किनारे फैले कचरे को एकत्रित किया.
जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में लोगों से अपील की गई कि वे धार्मिक पुस्तकें, खंडित मूर्तियां, पूजन सामग्री, फोटो फ्रेम, कपड़े और अन्य कचरा गंगा में न फेंकें.
कार्यकर्ताओं ने बताया कि नगर निगम द्वारा नियमित सफाई कराए जाने के बावजूद लोगों की लापरवाही के कारण गंगा तट पर दोबारा गंदगी जमा हो जाती है, जिससे नदी की स्वच्छता और पर्यावरण दोनों प्रभावित होते हैं.
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गंगा तट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि गंगा को स्वच्छ बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है. श्रमदान के दौरान बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री और अन्य कचरा एकत्रित किया गया.
ALSO READ:काशी में 'निर्वासित क्रांतिकारी' पुस्तक का हुआ विमोचन...
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के भाग संयोजक चंद्रभूषण, जय विश्वकर्मा, सपना वर्मा, अनुराग सोनकर सहित नगर निगम के सफाईकर्मी टीपू सुल्तान, मिथलेश, इंदु और दीपावली ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई.



