बरेका के नवीन कुमार राय नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे पुरुष टीम के ऑब्जर्वर नियुक्त

वाराणसी : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी के कार्यालय अधीक्षक नवीन कुमार राय को 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप भारतीय रेलवे पुरुष टीम के लिए ऑब्जर्वर के रूप में चयनित किया गया है. यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता दिनांक 04 से 11 जनवरी 2026 तक संपूर्णानंद स्टेडियम, वाराणसी (उ.प्र.) में आयोजित की जा रही है.
नवीन कुमार राय का यह चयन वॉलीबॉल के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक अनुभव, तकनीकी दक्षता, निष्ठा एवं समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है. उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बरेका परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है तथा सफल दायित्व निर्वहन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं.
वर्तमान में वे बरेका, वाराणसी में कार्यरत हैं. श्री राय ने खेल प्रशिक्षण के क्षेत्र में निरंतर स्वयं को अद्यतन किया है.
उन्होंने एफ आई वी बी (FIVB) स्विट्ज़रलैंड से अंतरराष्ट्रीय कोचिंग कोर्स (लेवल-1), तकनीकी सेमिनार (सेटर एवं मिडिल प्लेयर), बीच वॉलीबॉल कोचिंग सहित अनेक प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है. इसके साथ ही वे उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के राज्य स्तरीय रेफरी भी हैं.
ALSO READ : व्रत त्योहार 2026 - 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 24 नवंबर देव दीपावली, 43 पर्वों और व्रतों की सूची जारी
कोच के रूप में श्री राय की उपलब्धियां अत्यंत प्रभावशाली रही हैं. वर्ष 2015 में आयोजित 63वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे पुरुष टीम को कोचिंग प्रदान करते हुए उन्होंने टीम को प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उसी वर्ष फेडरेशन कप में टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
इसके अतिरिक्त उन्होंने 2016, 2018 एवं 2022 की विभिन्न सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश पुरुष टीम के कोच के रूप में भी सराहनीय योगदान दिया. वर्ष 2015 से निरंतर वे बरेका की वॉलीबॉल टीम के कोच के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं और उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
बरेका के पीआरओ के अनुसार नवीन कुमार राय का अनुशासन, प्रतिबद्धता और खेल के प्रति समर्पण बरेका के खेल वातावरण को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध हो रहा है. बरेका परिवार को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है.



