वाराणसी में नीतू कादयान बनीं डीसीपी, नवागत लिपि नागयाच को एडीसीपी की कमान

वाराणसी: पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा बदलाव किया गया है. आईपीएस अधिकारियों की नई तैनाती के साथ शहर में महिला नेतृत्व और मजबूत हुआ है. नीतू कादयान को प्रमोशन देते हुए डीसीपी गोमती जोन बनाया गया है. 2020 बैच की अधिकारी नीतू कादयान इससे पहले ADCP वरुणा के पद पर तैनात थीं और अपने कार्यकाल में सक्रिय पुलिसिंग और प्रशासनिक दक्षता के लिए जानी जाती रही हैं. खास बात यह है कि उन्हें लेडी सिंघम का रूतबा यहां मिला है.

वहीं नवागत आईपीएस लिपि नागयाच को एडीसीपी वरुणा जोन की कमान सौंपी गई है.
2022 बैच की युवा आईपीएस अधिकारी हाल ही में गाजियाबाद से स्थानांतरित होकर वाराणसी पहुंची हैं और अब शहर के महत्वपूर्ण क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगी. इन नियुक्तियों के साथ वाराणसी पुलिस में महिला अधिकारियों की भूमिका और प्रभाव बढ़ता नजर आ रहा है. जानकारों का मानना है कि पुलिस प्रशासन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी न केवल बेहतर निर्णय लेने में सहायक है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देती है.

एडीसीपी ईशान सोनी को विदाई, लिपि नागयाच का स्वागत
वहीं, वाराणसी कमिश्नरेट में प्रशासनिक बदलाव के तहत अपर पुलिस उपायुक्त डॉ. ईशान सोनी को विदाई दी गई, वहीं नवागंतुक अपर पुलिस उपायुक्त लिपि नागयाच का स्वागत किया गया.

Also read: वाराणसी में स्कूल आधारित टीकाकरण सत्रों की तिथियां तय, व्यापक तैयारी के निर्देश
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने डॉ. ईशान सोनी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया. कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी. इस अवसर पर शिवहरी मीणा समेत कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.



