कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में फरार तीन आरोपियों पर नया मुकदमा, संपत्ति कुर्की की तैयारी...

वाराणसी : प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी से जुड़े चर्चित मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ अब कानूनी शिकंजा और कसता जा रहा है. विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने वाराणसी के शुभम जायसवाल, वरुण सिंह और गौरव जायसवाल के खिलाफ अदालत के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में नया मुकदमा दर्ज कराया है. साथ ही उनकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार यह मामला वर्ष 2024 में एसटीएफ द्वारा उजागर किए गए कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है. जांच में सामने आया था कि फर्जी दस्तावेजों और बिलों के माध्यम से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की खरीद-फरोख्त की जा रही थी. आरोपियों पर नशीले कफ सिरप की सप्लाई चेन संचालित करने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और अवैध कारोबार को छिपाने के गंभीर आरोप लगे थे.
जांच के दौरान शुभम जायसवाल, वरुण सिंह और गौरव जायसवाल के नाम सामने आए थे, लेकिन तीनों लगातार फरार चल रहे हैं. विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस) लखनऊ ने 4 फरवरी 2026 को इनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया था. इसके बाद 8 मार्च तक अदालत में उपस्थित होने का आदेश भी दिया गया, लेकिन उद्बोषणा की तामील होने के बावजूद तीनों न्यायालय में पेश नहीं हुए.
अदालत के आदेश की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कराया है. अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोपी जल्द गिरफ्तार नहीं होते हैं तो उनकी संपत्तियों की कुर्की सहित अन्य कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : कैंट स्टेशन पर तीन किलो चरस के साथ युवक गिरफ्तार, मुंबई ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ...
इस मामले में एसटीएफ अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और विभिन्न चरणों में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है. फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस को जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है.



