खुले में कूड़ा डंपिंग से गौवंश की जान पर खतरा, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल...

वाराणसी : शहर को स्वच्छ बनाने के दावों के बीच नगर निगम के वार्ड नंबर 23 स्थित सीर गोवर्धनपुर में खुले में कूड़ा डंपिंग का मामला सामने आया है. यहां कूड़े के विशाल ढेर पर सैकड़ों की संख्या में गायें पहुंच रही हैं और प्लास्टिक, पॉलीथिन समेत अन्य हानिकारक कचरा खा रही हैं। स्थानीय लोगों ने इससे गौवंश के स्वास्थ्य और आमजन की सेहत पर गंभीर खतरा जताया है.
स्थानीय निवासी अमन यादव का आरोप है कि कूड़े के ढेर में बड़ी संख्या में दूध देने वाली गायें भी पहुंचती हैं. प्लास्टिक और जहरीले कचरे के सेवन से कई गायों के बीमार पड़ने और कुछ की मौत होने की आशंका है. उनका कहना है कि इन गायों से मिलने वाला दूध भी लोगों के घरों तक पहुंचता है, जिसका सेवन बच्चे और बुजुर्ग करते हैं. ऐसे में दूध की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है.
अमन यादव के मुताबिक, इस समस्या को लेकर नगर निगम और नगर आयुक्त से कई बार शिकायत की गई है. मांग की गई कि कूड़ा डंपिंग स्थल के चारों ओर मजबूत घेराबंदी कराई जाए, जिससे गायें कूड़े तक न पहुंच सकें. साथ ही कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए. हालांकि, उनका आरोप है कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है और खुले में कूड़ा डंप करने का सिलसिला जारी है.
ALSO READ : 8.14 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी मामले में दो आरोपियों को आसानी से मिली जमानत...
स्थानीय लोगों ने स्वच्छता को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि एक ओर वाराणसी को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर शहर के कुछ इलाकों में कूड़े का खुले में ढेर लगना चिंता का विषय है.



