ऑक्सीजन की कमी होगी दूर, जिला अस्पताल में जल्द स्थापित होगा LMO प्लांट

वाराणसी: पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. अस्पताल में मरीजों की बेहतर सुविधा के लिए अब लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) प्लांट स्थापित किया जाएगा. इस प्लांट से इमरजेंसी वार्ड, ट्रामा सेंटर, एमसीएच विंग, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) सहित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के वार्ड और मॉड्यूलर ओटी तक ऑक्सीजन की सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी. सीएमएस डाक्टर आर. एस. राम के अनुसार, एलएमओ प्लांट की नियमित रूप से मीटर रीडिंग की जाएगी और इसी आधार पर कंपनी को भुगतान किया जाएगा. यह व्यवस्था अस्पताल के लिए लाभकारी है, क्योंकि इसमें अस्पताल को बिजली और अन्य संचालन खर्च नहीं उठाने पड़ेंगे.

यहां से होगी ऑक्सीजन की सप्लाई
प्लांट को ट्रकों के माध्यम से जमशेदपुर से लिक्विड ऑक्सीजन भरकर सप्लाई दी जाएगी. विशेषज्ञों का मानना है कि एलएमओ की गुणवत्ता उच्च स्तर की होती है, जिससे मरीजों को बेहतर और शुद्ध ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगी. यह प्लांट अस्पताल परिसर में स्थित मन फकीरे बाबा मंदिर के बगल में लगभग 16×9 मीटर क्षेत्रफल में स्थापित किया जाएगा.बता दें कि वर्तमान में डीडीयू अस्पताल में पीएसए (प्रेशर स्विंग एडजॉर्प्शन) प्लांट पहले से संचालित है, लेकिन एलएमओ प्लांट के शुरू होने से ऑक्सीजन आपूर्ति और अधिक मजबूत और निर्बाध होने की उम्मीद है.

नई व्यवस्था से मिलेगी राहत
इस नई व्यवस्था से अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति में सुधार होगा, जिससे उनकी चिकित्सा सेवाओं में वृद्धि होगी. अस्पताल प्रशासन ने इस पहल को मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है. एलएमओ प्लांट की स्थापना से न केवल ऑक्सीजन की उपलब्धता में वृद्धि होगी, बल्कि यह अस्पताल के संचालन को भी सुगम बनाएगा.

Also read: सयुस ने बाबा साहब के विचारों का आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया, साडी - सूट बांटे
इससे मरीजों को तत्काल और आवश्यक ऑक्सीजन मिल सकेगी, जो कि गंभीर परिस्थितियों में अत्यंत महत्वपूर्ण है. अस्पताल प्रशासन ने इस परियोजना को शीघ्रता से पूरा करने का आश्वासन दिया है, ताकि मरीजों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके. पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना से न केवल मरीजों की चिकित्सा सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि यह अस्पताल की क्षमता को भी बढ़ाएगा.



