पत्रकारपुरम कालोनी में सेवानिवृत शिक्षक के बंद मकान को चोरों ने खंगाला, लाखों का माल किया पार

वाराणसी : गिलट बाजार स्थित पत्रकार पुरम कॉलोनी में चोरों ने पुलिस गश्त को धता बताते हुए सेवानिवृत्त शिक्षक के सूने दो मंजिला मकान को निशाना बनाया. दोनों मुख्य दरवाजों पर डबल लॉक लगे होने के बावजूद बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल चोरों ने अलमारियों को खंगाला और लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया. घटना के बाद कॉलोनी में भय का माहौल है.
पत्रकार पुरम गेट नंबर-1 निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ सुमन कुमार करीब 10 वर्ष पहले यहां मकान बनाकर पत्नी मधु श्रीवास्तव के साथ रह रहे हैं. वर्तमान में दोनों अपनी बेटी के यहां नोएडा गए हुए हैं. मकान बंद होने और दंपती के बाहर होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद कमरों में रखी अलमारियों को खंगाला. घर में सामान बिखरा मिला. चोरी की जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
ALSO READ : गंगा खतरे के निशान की ओर, वरुणा का पानी घरों में घुसा, तटवर्ती इलाके बेहाल
सूचना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की आवाजाही और पहचान के संबंध में सुराग मिल सके. फिलहाल चोरी गए सामान का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है. पुलिस के मुताबिक शिक्षक दंपती के नोएडा से लौटने के बाद ही आभूषण, नकदी और अन्य सामान की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद पत्रकार पुरम के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. बता दें कि कालोनी के गेट पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं.



