बारावफात जुलूस में फर्जी पास पर पुलिस का शिकंजा, कई वाहन रोके, पैदल भेजे गए लोग

वाराणसी : पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के मौके पर वाराणसी के रेवड़ी तालाब से निकलने वाले बारावफात जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया. सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चौकन्ना प्रशासन ने इस वर्ष जुलूस में सीमित संख्या में वाहनों को ही अनुमति दी है और अधिकृत वाहनों के लिए विशेष पास जारी किए गए. इसके बावजूद बिना अनुमति और कथित फर्जी पास के जरिए कुछ वाहनों के जुलूस में शामिल होने की सूचना पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में होटल ब्रॉडवे के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की गई.

पुलिस टीम ने जुलूस में शामिल वाहनों को जारी सूची और पास के आधार पर चेक किया. चेकिंग के दौरान कुछ ऐसे वाहन मिले जिनके नंबर अधिकृत सूची में नहीं थे. पुलिस ने इन वाहनों को मौके पर रोक दिया और उनमें सवार लोगों को वाहन से उतरकर पैदल आगे जाने को कहा. पुलिस की चेकिंग लगातार जारी रही. जुलूस के मार्ग पर होटल ब्रॉडवे के पास पुलिसकर्मी वाहनों की सूची लेकर तैनात हैं. वाहनों के नंबर और पास का मिलान करने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है. जिन वाहनों का नंबर सूची में नहीं है, उन्हें वहीं रोक दिया गया.
ALSO READ : बरेका में कार्मिक विभाग और कर्मचारी परिषद के बीच समन्वय बैठक
रेवड़ी तालाब से निकलने वाला मदहे सहाबा जुलूस प्रमुख धार्मिक जुलूसों में शामिल है. पिछले वर्षों में इसमें बड़ी संख्या में चार पहिया वाहन शामिल होते थे. इस बार प्रशासन ने वाहनों की संख्या सीमित रखने का फैसला किया है. जुलूस का मार्ग श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के सामने से भी गुजरता है. सावन के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए वाहनों की संख्या सीमित की है.



