संविधान के आदर्शों को व्यवहार में उतारें पुलिसकर्मी, अपर पुलिस आयुक्त ने दिलाई शपथ

वाराणसी। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस विभाग की ओर से संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त किरीट राठौड़ ने पुलिसकर्मियों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को संविधान में निहित आदर्शों, मूल कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त किरीट राठौड़ ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। इन मूल्यों को केवल पढ़ना ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और कार्यशैली में भी अपनाना जरूरी है।
संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाने में युवाओं की अहम भूमिका
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि आज का युवा संविधान के मूल्यों को समझने और उन्हें मजबूत बनाने में सक्षम है। युवाओं को संवैधानिक आदर्शों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
Also Read:- वाराणसी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, JCB की चपेट में आने से मजदूर की हालत गंभीर
कानून का शासन बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और उसके आदर्शों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग का दायित्व भी कानून के शासन को बनाए रखना और प्रत्येक व्यक्ति के साथ न्यायपूर्ण एवं समान व्यवहार सुनिश्चित करना है।
संविधान की प्रस्तावना और मूल भावना को आत्मसात करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना और उसमें निहित मूल भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। साथ ही सभी से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने की अपील की गई।



