बिजली अभियंताओं ने सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान की मांग...

वाराणसी: राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, पूर्वांचल शाखा ने बिजली व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने ट्रांसफार्मरों की बढ़ती क्षतिग्रस्ता, संसाधनों की कमी और अवर अभियंताओं व प्रोन्नत अभियंताओं पर हो रही दंडात्मक कार्रवाई को गंभीर मुद्दा बताते हुए त्वरित समाधान की मांग उठाई.
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पर्याप्त संसाधन, सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित मैनपावर के अभाव में विद्युत व्यवस्था का संचालन कराया जा रहा है, जिससे ट्रांसफार्मर जलने और दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने और तकनीकी मानकों के अनुरूप आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की.
ज्ञापन में बिना समुचित जांच कर्मचारियों और अभियंताओं पर की जा रही दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने कहा कि जले हुए ट्रांसफार्मरों की ऑन साइट मरम्मत के लिए पर्याप्त कार्यदायी संस्थाएं, आवश्यक सामग्री और आधुनिक टी एंड पी उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके.
इसके साथ ही विद्युत उपकेंद्रों और लाइनों के अनुरक्षण के लिए पर्याप्त एवं प्रशिक्षित मैनपावर उपलब्ध कराने, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा अवर अभियंताओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग भी रखी गई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो बिजली व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.
इस दौरान पूर्वांचल अध्यक्ष इं. नीरज बिंद, केंद्रीय उपमहासचिव इं. दीपक गुप्ता, पूर्वांचल उपाध्यक्ष इं. राम सिंह, सचिव इं. शिवम चौधरी, संरक्षक इं. अवधेश मिश्र, इं. आई.पी. सिंह, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य इं. पुष्कर उपाध्याय, क्षेत्रीय सचिव मिर्जापुर इं. अभिषेक प्रजापति, जनपद अध्यक्ष वाराणसी इं. सतीश बिंद, जनपद अध्यक्ष आजमगढ़ इं. सहदेव राम समेत बड़ी संख्या में अवर अभियंता और प्रोन्नत अभियंता मौजूद रहे.



