Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

वाराणसी में सावन भर प्रोटोकाल दर्शन बंद, दर्शन के लिए इस बार व्‍यवस्‍था में बदलाव...

वाराणसी में सावन भर प्रोटोकाल दर्शन बंद, दर्शन के लिए इस बार व्‍यवस्‍था में बदलाव...
Jul 08, 2026, 08:49 AM
|
Posted By Diksha Mishra

वाराणसी : सावन में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए बड़े फैसले लिए गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों के दर्शन के लिए अलग द्वार की व्यवस्था की जाए. काशी के लोग रोजाना सुबह 4:15 बजे से रात 10:45 बजे तक गेट नंबर चार से दर्शन कर सकेंगे. यह व्यवस्था पहली बार हुई है. सावन की तैयारियों के मद्देनजर श्री काशी विश्वनाथ धाम में मंदिर, जिला, सीआरपीएफ और पुलिस प्रशासन की उच्च स्तरीय बैठक में इन फैसलों से पूर्व मंथन किया गया. इसमें श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था और यातायात सहित 50 से ज्यादा मुद्दों पर चर्चा हुई. सावन भर वीआईपी-प्रोटोकॉल दर्शन बंद रहेंगे.


प्रवेश और निकासी के लिए सात द्वार


प्रवेश और निकासी के लिए सात द्वार होंगे. बाबा के पांच विशेष शृंगार होंगे. सावन 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक रहेगा. मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में ये फैसला लिया गया कि सावन में वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी तरह की सिफारिश व विशेष अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा. श्रद्धालुओं से सिर्फ सामान्य कतार में ही दर्शन करने की अपील की गई है. धाम में पांच जगहों पर खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे. सुरक्षा के चलते सभी बिजली के उपकरणों, सीसीटीवी का सुचारू रूप से संचालन होगा. धाम के बाहर गलियों में लटकते बिजली के तारों को ऊपर करने के निर्देश दिए गए हैं. ज्यादा भीड़ को देखते हुए इस बार भी सावन में निशुल्क बैगेज काउंटर बंद किए जाएंगे. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने सामान होटल या घर में ही छोड़कर आएं.


प्रतिबंधित सामान जैसे पेन, मोबाइल, कैमरे, डिजिटल वॉच आदि को लेकर प्रवेश नहीं मिलेगा.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम परिसर में ठंडा पानी, इलाज, ओआरएस, इंडस्ट्रियल एयर कूलर, साफ-सफाई, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के कई इंतजाम किए जा रहे हैं. जिग-जैग बैरिकेडिंग को और बेहतर बनाया जा रहा है.


ऑनलाइन दर्शन की भी व्यवस्था


जो श्रद्धालु धाम तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए पूरे सावन भर बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन की सुविधा रहेगी. मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट, आधिकारिक यूट्यूब चैनल और टाटा स्काई के माध्यमों पर दर्शन का सीधा प्रसारण किया जाएगा.


प्रवेश के होंगे ये सात रास्ते


गेट नंबर चार, काशी द्वार मार्ग 4बी, नंदू फारिया प्रवेश मार्ग, सिल्को प्रवेश मार्ग, ढुंढिराज प्रवेश मार्ग, सरस्वती फाटक प्रवेश मार्ग, भैरव द्वार प्रवेश मार्ग (मंदिर घाट की तरफ से. धाम में इन सभी द्वारों से दर्शनार्थियों के लिए प्रवेश मार्ग खुला रहेगा. यदि गंगा का जलस्तर बढ़ा तो फिर घाट से श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जा सकता है.


पैसे लेकर विशेष दर्शन कराने वालों के झांसे में न आएं


सावन में आम कतारों में दर्शन-पूजन कराए जाएंगे. विशेष दर्शन की अपील स्वीकार्य नहीं होगी. किसी प्रलोभन या बहकावे में न आएं. कोई प्रोटोकॉल अनुरोध न भेजें. किसी भी प्रकार के दलालों के झांसे में न आएं. यदि कोई व्यक्ति विशेष दर्शन के नाम पर पैसा मांगता है या अपनी दुकान से प्रसाद लेने पर दर्शन में सहायता का दावा करता है तो तत्काल नजदीकी पुलिस या मंदिर कर्मी को सूचित करें.


ALSO READ:बीएचयू अस्पताल के एमएस के लिए साक्षात्‍कार, अपात्र अभ्यर्थियों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन...


निशुल्क गोल्फ कार्ट और ई-रिक्शा सेवा


बूढ़ों, दिव्यांग और अशक्त श्रद्धालुओं के लिए गोदौलिया से मैदागिन तक निशुल्क गोल्फ कार्ट और ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध रहेगी. पांच केंद्रों पर भीड़ में अपने परिवार से बिछड़े लोग सहायता प्राप्त कर सकेंगे. सुरक्षा बल के अतिरिक्त सहायता कर्मी भी तैनात रहेंगे.

शंकराचार्य चौक

गेट नंबर एक (गंगा निकास द्वार)

गेट नंबर दो (सरस्वती फाटक)

गेट नंबर चार (मुख्य प्रवेश मार्ग)

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट

वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी : सारनाथ थाने की पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लाखों रुपये मूल्य की 19 ग्राम हेरोइन और 1350 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. आरोपी की तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही थी.थाना प्रभारी सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीती रात सारनाथ पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को थाना क्षेत्र के हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग स्थित त्रिदेव अपार्टमेंट के पास एक हेरोइन तस्कर के मौजूद होने की सूचना मिली.सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. रात करीब 11:40 बजे एक युवक अपार्टमेंट की दीवार के किनारे छिपा खड़ा था. पुलिस टीम को देखकर वह अपार्टमेंट की बाउंड्री कूदकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे कुछ दूर पर उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसकी जेब से हेरोइन का एक पैकेट और 1350 रुपये नकद बरामद हुए.ALSO READ: काशी के कोतवाल ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाबपकड़े गए युवक की पहचान मूरत राजभर उर्फ कुत्तू राजभर पुत्र मुन्ना राजभर, निवासी पैगंबरपुर कुआं, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई. पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह हेरोइन पीने का आदी है. उसने महंगी हेरोइन बड़ी मात्रा में खरीदकर रखी थी, जिसे वह अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर युवा पीढ़ी को बेचता था. मुनाफे के पैसों से वह अपने नशे की पूर्ति करता था.सारनाथ पुलिस ने आज दोपहर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी पुराना पुल अनुज कुमार शुक्ला, सब इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार सिंह शामिल थे.
काशी के कोतवाल ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
काशी के कोतवाल ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
वाराणसी : धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति की विश्व राजधानी काशी ने गुरुवार को एक बार फिर उस दिव्य क्षण का साक्षात्कार किया, जब काशी के कोतवाल, न्याय एवं धर्म के अधिष्ठाता भगवान श्री काल भैरव स्वयं अपने भक्तों को दर्शन एवं आशीर्वाद देने नगर भ्रमण पर निकले. जैसे ही स्वर्णिम रथ पर विराजमान बाबा श्री काल भैरव की स्वर्ण-रजत पंचबदन प्रतिमा ने नगर भ्रमण प्रारंभ किया, "हर-हर महादेव" और "जय बाबा काल भैरव" के गगनभेदी उद्घोष से गुंजायमान हो उठा. श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया और विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि तथा जनकल्याण की मंगलकामना की.72 साल से निभा रहे परंपरासन् 1954 से चली आ रही इस ऐतिहासिक एवं गौरवशाली परंपरा के अंतर्गत स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी, वाराणसी द्वारा आयोजित 72वीं भव्य शोभायात्रा में पूर्वांचल सहित काशी के हजारों श्रद्धालु, स्वर्णकार समाज के सभी संस्थाओं के पदाधिकारी, संत-महात्मा, पीठाधीश्वर, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्मिलित हुए. धार्मिक उल्लास, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण इस आयोजन ने काशी की प्राचीन परंपरा और स्वर्णकार समाज की धार्मिक एवं सामाजिक एकरूपता का प्रभावशाली परिचय दिया.चौखंभा स्थित काठ की हवेली से वैदिक मंत्रोच्चार, अनवरत शंखनाद और डमरुओं की दिव्य ध्वनि के बीच अध्यक्ष घनश्याम सेठ 'बच्चा', महामंत्री राजू वर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, शोभायात्रा मंत्री जनार्दन वर्मा एवं कमेटी के पदाधिकारियों ने भगवान की विधिवत आरती उतारकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया. शोभायात्रा में सबसे आगे धर्मध्वजाएं लिए श्रद्धालु चल रहे थे. उनके पीछे ताशा - बाजा, पाइप बैंड, 11 छत्रधारी अश्वों पर सवार देवस्वरूप, आकर्षक धार्मिक झांकियां तथा भगवान राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, मां काली, मां दुर्गा और श्रीहनुमान के सजीव स्वरूप श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहे थे. माता वैष्णो देवी तथा गोविंदेश्वर महादेव की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जबकि डमरुओं की गूंज और शहनाई की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को पूर्णतः शिवमय बना दिया. न्यू इवेंट प्लानर की टीम द्वारा प्रस्तुत भजनों ने पूरे मार्ग को भक्तिरस में सराबोर कर दिया.शोभायात्रा के दौरान कमेटी के संस्थापक स्वर्गीय किशुनदास जी एवं स्वर्गीय भिखू सेठ जी की सुसज्जित झांकी श्रद्धांजलि स्वरूप साथ चल रही थी. मार्ग भर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. रास्ते में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा, आरती एवं शीतल पेय सेवा के माध्यम से बाबा का भव्य स्वागत किया. कमेटी के सभी पदाधिकारी पारंपरिक केसरिया पगड़ी में सनातन संस्कृति की गरिमा का संदेश देते हुए शोभायात्रा का नेतृत्व कर रहे थे.यह भव्य शोभायात्रा अपने पारंपरिक मार्ग चौखंभा, बीबीहटिया, जतनबर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविंदपुरा, ठठेरी बाजार, सोराकुआं एवं गोलघर होते हुए श्री काल भैरव मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा की भव्य महाआरती संपन्न हुई तथा प्रतिमा को पुनः मंदिर में प्रतिष्ठित किया गया.शोभायात्रा के पूर्व कमेटी के संरक्षक श्याम सुंदर सिंह के नेतृत्व में अनुज गौतम, संदीप सेठ, जितेंद्र सेठ, संजय सेठ, महेश सिंह आदि ने रथ को तैयार किया. शोभायात्रा के संचालन व्यवस्था में शोभायात्रा मंत्री जनार्दन वर्मा के साथ नागरिक सुरक्षा कोतवाली प्रखंड के स्वयंसेवक वाकी टाकी लेकर कमेटी के पदाधिकारी के साथ कुशल व व्यवस्थित सहयोग किया. सूचना मंत्री संदीप सेठ के नेतृत्व में 15 सदस्य दल रथ खींच रहे थे. मीडिया संयोजक डॉ. कैलाश सिंह विकास एवं किशोर कुमार सेठ ने बताया कि बाबा श्री काल भैरव की यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और लोककल्याण का विराट उत्सव है. बाबा से विश्व में शांति, भारत की निरंतर उन्नति, समाज की समृद्धि तथा प्रत्येक परिवार के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की गई.ALSO READ: सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरी सपा, भूख हड़ताल पर बैठे नेता और कार्यकर्ताजनप्रतिनिधि व विशिष्ट जन रहे उपस्थितआयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉक्टर दयाशंकर मिश्र "दयालु", विधायक व पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, पाषर्द संजय विश्वंभरी, मनोज यादव, कनकलता मिश्रा, पूर्व पाषर्द बृजकिशोर दास, रविशंकर सिंह, अशोक सेठ, किशोर सेठ, मनोज सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे. इन अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर इनका अभिनंदन किया गया. ईश्वर दयाल सिंह सेठ, महामृत्युंजय मंदिर महंत किशन दीक्षित, शिव गोपाल सर्राफ, कमलेश चंद्र वर्मा, राकेश वर्मा, सुमित वर्मा चंदू, सत्यनारायण सेठ, विजय चौधरी, अन्ना मोरे, संतोष पाटिल आदि भी मौजूद रहे.
सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरी सपा, भूख हड़ताल पर बैठे नेता और कार्यकर्ता
सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरी सपा, भूख हड़ताल पर बैठे नेता और कार्यकर्ता
वाराणसी : देश में लगातार हो रहे पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे इंजीनियर व शिक्षाविद् सोनम वांगचुक को अब राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का भी बड़ा समर्थन मिलने लगा है. इसी क्रम में गुरुवार, 16 जुलाई को वाराणसी के जिला मुख्यालय स्थित शास्त्री घाट पर बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी (महानगर एवं जिला) के तत्वावधान में एक दिवसीय भूख हड़ताल का आयोजन किया गया. इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक के दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर आवाज बुलंद की.भूख हड़ताल में विशेष रूप से शामिल हुए समाजवादी पार्टी के वाराणसी जिला अध्यक्ष सुजीत यादव "लक्कड़ पहलवान" ने सरकार पर तीखा हमला बोला. मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "सोनम वांगचुक जी को दिल्ली में भूख हड़ताल पर बैठे लगभग 19 दिन हो चुके हैं. समाजवादी पार्टी देश के भविष्य और छात्रों के साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ उनके साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी है. हम तुरंत केंद्रीय शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग करते हैं।"उन्होंने आगे प्रदेश सरकार को भी घेरते हुए आरोप लगाया कि यूपी में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं और नौकरियां दी जा रही हैं. मुख्यमंत्री केवल गरीबों के घर उजाड़ने में माहिर हैं, वे किसी का घर बसा नहीं पा रहे.युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा है खिलवाड़कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे महानगर अध्यक्ष अमन यादव और जिला अध्यक्ष जितेंद्र यादव (मलिक) ने संयुक्त रूप से कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं देश के करोड़ों छात्र-छात्राओं के सपनों को तोड़ रही हैं. सरकार को इस पर अपनी जवाबदेही तय करनी ही होगी. सोनम वांगचुक जी बिना किसी हिंसा के, लोकतांत्रिक तरीके से देश के युवाओं की बात रख रहे हैं. अगर सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो इस आंदोलन को पूरे उत्तर प्रदेश में और भी व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा.ALSO READ: काशी में नई व्‍यवस्‍था के संग भगवान जगन्नाथ रथयात्रा मेले का शुभारंभ, उमड़े श्रद्धालुशास्त्री घाट पर आयोजित इस एक दिवसीय अनशन में संदीप मिश्रा सहित बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के तमाम पदाधिकारी, समाजवादी पार्टी की मुख्य इकाई के वरिष्ठ नेता, बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र-युवा शामिल हुए. अनशन के अंत में सभी ने एक सुर में संकल्प लिया कि जब तक देश के छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता और सोनम वांगचुक की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगे.