वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस में बदलाव, काशी जोन की 7 चौकियों पर नई तैनाती...

वाराणसी : कमिश्नरेट पुलिस के काशी जोन की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया गया है. पुलिस उपायुक्त काशी जोन, गौरव वंशवाल ने तत्काल प्रभाव से जोन के अंतर्गत आने वाली 7 प्रमुख पुलिस चौकियों पर नए प्रभारियों की तैनाती कर दी है. इस फेरबदल में जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले दरोगाओं काे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, वहीं कुछ के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं.
कानून व्यवस्था मजबूत करने पर मिला इनाम
इस तबादला सूची में सबसे प्रमुख नाम भेलूपुर थाने के अंतर्गत दुर्गाकुंड चौकी पर लंबे समय से तैनात सेकेंड अफसर दरोगा हिमांशु मिश्रा का है. दुर्गाकुंड जैसे अति संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में सराहनीय भूमिका निभाने के कारण उच्चाधिकारियों ने उन पर बड़ा भरोसा जताया है. शानदार ट्रैक रिकॉर्ड का इनाम देते हुए डीसीपी काशी जोन ने हिमांशु मिश्रा को थाना चौक के अंतर्गत आने वाली महत्वपूर्ण ब्रम्हनाल चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया है.
इन चौकियों के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में हुआ बदलाव
प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यकुशलता को देखते हुए काशी जोन की अन्य चौकियों में भी फेरबदल किया गया है. चौक थाने की पियरी चौकी के प्रभारी रहे दरोगा संदीप कुमार सिंह को अब चौकाघाट चौकी का प्रभारी बनाया गया है. जैतपुरा थाने की चौकाघाट चौकी पर तैनात रहे दरोगा प्रशांत शिवहरे को अब पियरी (चौक) चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. आदमपुर थाने की मच्छोदरी चौकी के प्रभारी रहे दरोगा भृगुपति त्रिपाठी को सिगरा थाने की नगर निगम चौकी का प्रभारी बनाया गया है. थाना चौक की ब्रम्हनाल चौकी के प्रभारी रहे दरोगा अभिषेक कुमार त्रिपाठी को अब मच्छोदरी (आदमपुर) चौकी की कमान सौंपी गई है.
ALSO READ : 25 हजार का इनामी दुष्कर्म आरोपी कौशल राव गिरफ्तार, लोहता पुलिस की बड़ी कार्रवाई...
लाइन और जोन से आए अफसरों को मिली जिम्मेदारी
तबादला सूची के अनुसार, थाना कोतवाली से अटैच रहे दरोगा अंकित कुमार सिंह को उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए गायघाट (कोतवाली) चौकी का प्रभारी बनाया गया है. वहीं, अब तक गायघाट चौकी के प्रभारी रहे दरोगा राजकुमार को वहां से हटाकर थाना कोतवाली से संबद्ध कर दिया गया है. इसके अलावा, काशी जोन में अपनी सेवाएं दे रहे दरोगा विकास पांडेय को जैतपुरा थाने के अंतर्गत आने वाली सरैया चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.



