सर सुन्दरलाल चिकित्सालय में स्थित महामना वेलनेस सेंटर में नवीन फिटनेस उपकरणों का उद्घाटन

वाराणसी: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने चिकित्सा विज्ञान संस्थान के सर सुन्दरलाल चिकित्सालय में स्थित महामना वेलनेस सेंटर में स्थापित अत्याधुनिक फिटनेस उपकरणों का उद्घाटन किया. इस अवसर पर चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन संखवार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कैलाश कुमार गुप्ता तथा उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंकुर सिंह सहित विश्वविद्यालय एवं चिकित्सालय के अनेक अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का शुभारंभ सर सुन्दरलाल चिकित्सालय स्थित डॉक्टर्स लाउंज के समक्ष पौधारोपण के साथ हुआ. इसके उपरांत कुलपति ने महामना वेलनेस सेंटर का अवलोकन किया, जहाँ केंद्र के आचार्य प्रभारी डॉ. प्रखर जायसवाल ने उन्हें केंद्र की गतिविधियों एवं नवस्थापित फिटनेस उपकरणों की जानकारी दी. उन्होंने लेटरल पुल-डाउन, केबल क्रॉस तथा डेक फ्लाई मशीन सहित अन्य आधुनिक उपकरणों की उपयोगिता तथा स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी.
डॉ. जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2017 में स्थापित महामना वेलनेस सेंटर की स्थापना अस्पताल में कार्यरत कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से की गई थी। केंद्र में रेजिस्टेंस ट्रेनिंग, कार्डियोवैस्कुलर व्यायाम तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण की सुविधाएँ उपलब्ध हैं. केंद्र की आधारभूत संरचना एवं सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। प्रारम्भ में यह सुविधा चिकित्सालय के चिकित्सकों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं नर्सिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध थी, जिसे अब विश्वविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों एवं अधिकारियों के लिए भी विस्तारित कर दिया गया है.
निरीक्षण के दौरान कुलपति एवं चिकित्सा अधीक्षक ने केंद्र में स्थापित कुछ नवीन फिटनेस उपकरणों का स्वयं भी उपयोग किया. इस अवसर पर मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला प्रशिक्षुओं ने कराटे का संक्षिप्त प्रदर्शन प्रस्तुत किया. कुलपति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच महिला कराटे प्रशिक्षुओं तथा केंद्र के आचार्य प्रभारी को ब्लैक बेल्ट प्रमाणपत्र भी प्रदान किए.
ALSO READ: संपत्तिकर में छूट का आखिरी मौका, 15 जुलाई तक मिलेगा 12% तक का लाभ
इसके उपरांत कुलपति ने सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के डिजास्टर मैनेजमेंट वार्ड का निरीक्षण किया. इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कैलाश कुमार गुप्ता ने उन्हें सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 32 बेड वाले इस वार्ड की जानकारी दी, जो आपातकालीन रोगियों की देखभाल हेतु बनाए गए है। कुलपति जी ने वार्ड के विभिन्न अनुभागों, रेजिडेंट कक्ष, पेंट्री तथा कार्यालय कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा रोगी प्रबंधन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया.



