गैस किल्लत पर सपा महिला सभा का प्रदर्शन, खाली सिलेंडर और बर्तन लेकर सड़क पर उतरीं

वाराणसी: रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों और आपूर्ति में आ रही कथित दिक्कतों को लेकर समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने जिला मुख्यालय पर बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रिबू श्रीवास्तव और महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं.

केंद्र सरकार के खिलाफ लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं खाली गैस सिलेंडर और बर्तन लेकर सड़क पर उतरीं और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जबकि समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से आम परिवारों, खासकर गृहणियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

यह भी पढ़ें: नवरात्रि के पहले दिन से ललिता घाट पर गंगा आरती का शुभारंभ, मंदिर न्यास द्वारा किया जाएगा संचालन
महिलाओं ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में सिलेंडर वितरण व्यवस्था ठीक ढंग से काम नहीं कर रही है. महंगाई के कारण रसोई का बजट बिगड़ गया है और मध्यम व गरीब वर्ग के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है. प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महिला सभा की नेताओं ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है. उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत नहीं दी गई और आपूर्ति की समस्या दूर नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण
प्रदर्शन के अंत में महिला सभा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की, कि गैस सिलेंडर की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके. प्रदर्शनकारियों ने केन्द्र सरकार को "केवल जुमलो वाली सरकार" करार देते हुए कहा कि सरकार सिर्फ वादों और भाषणों तक ही सीमित है, जबकि हकीकत में जनता वर्तमान में मंहगाई और और विभिन्न समस्याओं व सिलेन्डर के संकट से जूझ रही है.



