वाराणसी कलेक्ट्रेट परिसर में लगे स्पीकर, सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए बार एसोसिएशन की पहल
वाराणसी: अधिवक्ताओं की सुविधा और सूचना व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में सेंट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी ने एक सराहनीय पहल की है. बार एसोसिएशन द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर को आधुनिक सुविधा से लैस करते हुए अब तक कुल 7 स्पीकर स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे अधिवक्ताओं को बार से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल प्राप्त हो सकेंगी. इस पुनीत कार्य की शुरुआत सेंट्रल बार के महामंत्री आशीष सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में स्पीकर लगवाकर की गई.
इस अवसर पर सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम एवं महामंत्री ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल अधिवक्ताओं के हित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है.
उन्होंने बताया कि स्पीकर लगाए जाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि परिसर में उपस्थित अधिवक्तागण को बार द्वारा जारी सभी महत्वपूर्ण नोटिस जैसे नो एडवर्स, कंडोलेंस, मीटिंग सूचना एवं अन्य प्रशासनिक निर्देश उनकी सीट पर बैठे-बैठे ही प्राप्त हो सकें. पूर्व में बार द्वारा जारी नोटिस हर अधिवक्ता तक समय से पहुंच पाना कठिन होता था, जिससे कई बार आवश्यक सूचनाएं देर से मिलती थीं.
अब स्पीकर व्यवस्था के माध्यम से बार एसोसिएशन की हर गतिविधि एवं सूचना अधिवक्ताओं तक त्वरित रूप से पहुंचेगी, जिससे कार्य प्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी. पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में दीवानी परिसर में भी इसी प्रकार के और स्पीकर लगाए जाने की योजना है, जिससे पूरे परिसर में एक समान सूचना व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.
ALSO READ : 10 अप्रैल 2026 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन - मुख्य चुनाव आयुक्त
सेंट्रल बार एसोसिएशन की इस अभिनव पहल की अधिवक्ताओं ने भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे आधुनिक और उपयोगी कदम बताया है, जो निश्चित रूप से अधिवक्ता समुदाय के लिए लाभकारी सिद्ध होगा.



