नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का कार्यकाल समाप्त, 17 जुलाई को होगा चुनाव...

वाराणसी : नगर निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्यों में से छह का कार्यकाल 27 जून को समाप्त हो गया है. इनमें भाजपा के चार और समाजवादी पार्टी के दो पार्षद शामिल हैं. अब उपसभापति समेत छह नए कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव 17 जुलाई को टाउन हॉल में हाेने वाली सदन की बैठक में होगा. पहले सदन की बैठक 15 जुलाई को प्रस्तावित थी, लेकिन चुनाव को देखते हुए नई तिथि को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.
इन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त
जिन कार्यकारिणी सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हुआ है, उनमें भाजपा के उपसभापति नरसिंह दास प्रमुख हैं. उनके साथ भाजपा पार्षद राजेश यादव ‘चल्लू’, सुशील कुमार गुप्ता और हनुमान प्रसाद का कार्यकाल भी खत्म हो गया है. समाजवादी पार्टी के अमरदेव यादव और प्रमोद राय का कार्यकाल भी 27 जून को समाप्त हो चुका है. इन सभी छह सदस्यों की जगह नए पार्षदों का चुनाव किया जाएगा. यह चुनाव नगर निगम की आगामी बैठक में होगा.
ALSO READ:तेज रफ्तार पिकअप ने फर्नीचर कारीगर की ले ली जान, मुआवजे के लिए किया चक्काजाम.
बन रहे नए समीकरण
नगर निगम कार्यकारिणी के शेष छह सदस्यों का कार्यकाल अगले वर्ष तक है. इनमें भाजपा के अशोक मौर्य, प्रवीण राय, मदन मोहन, माधुरी सिंह और सुशीला शामिल हैं. समाजवादी पार्टी से राजकपूर चौधरी भी इन शेष सदस्यों में से एक हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार छह में से पांच सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ेगी.
वहीं, समाजवादी पार्टी दो सीटों पर और कांग्रेस एक सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि संगठन की ओर से जिसे उम्मीदवार बनाया जाएगा, वही चुनाव लड़ेगा. संगठन की बैठक होना अभी बाकी है, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.



