जयमाल में पहुंचा प्रेमी, वर के गले में माला डालने से दुल्हन ने किया इन्कार

वाराणसी : लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में गुरुवार रात एक शादी समारोह उस समय हड़कंप गया, जब जयमाल के दौरान दुल्हन ने वर के गले में माला डालने से इन्कार कर दिया. देर रात तक चली पंचायत और पुलिस के समझाने के बावजूद मामला नहीं सुलझ सका और आखिरकार बिना शादी के ही बारात वापस लौट गई. इस दौरान दुल्हन का प्रेमी भी पहुंच गया था.
जानकारी के अनुसार छितौनी गांव की राजभर बस्ती में मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा से बरात आई थी. द्वार पूजा की रस्में पूरी होने के बाद रात करीब 11 बजे जयमाला कार्यक्रम शुरू हुआ. मंच पर पहुंची दुल्हन ने अचानक वर के गले में जयमाला डालने से मना कर दिया. इसे देखकर वहां मौजूद घराती और बाराती हैरान रह गए और कार्यक्रम स्थल पर कानाफूसी शुरू हो गई.
सूत्रों के मुताबिक, जयमाला के दौरान युवती का प्रेमी भी मौके पर पहुंच गया था. बताया जा रहा है कि प्रेमी को देखते ही युवती असहज हो गई और उसने शादी से इनकार कर दिया. इस बीच, घरातियों ने युवक की पिटाई कर दी, लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर भाग निकला. बताया गया कि प्रेमी चोलापुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव का रहने वाला है.
ALSO READ:वाराणसी में दरोगा निलंबित, सामने आई लापरवाही की यह वजह
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच देर रात तक पंचायत चलती रही. परिजन और रिश्तेदार शादी कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन बात नहीं बन सकी. युवती के परिजनों ने कोटवां पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र देकर हस्तक्षेप की मांग की. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वर पक्ष शादी करने के लिए तैयार नहीं हुआ.
काफी देर तक चली बातचीत के बाद अंततः बरात बिना शादी के ही वापस लौट गई. घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस मामले की चर्चा होती रही. स्थानीय लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए. पुलिस का कहना है कि मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है. हालांकि घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा.



