वाराणसी की इस योजना को मिलेगी रफ्तार, जबरदस्ती अधिग्रहण के आरोप बेबुनियाद

वाराणसी : पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आकार ले रहे हैं.पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि इसी क्रम में वाराणसी की पहचान को नई ऊंचाई देने वाली काशी द्वार योजना पिंडरा क्षेत्र में स्थापित की जानी है.
विधायक ने स्पष्ट किया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए भूमि आपसी सहमति से ही खरीदी जाएगी. किसी भी किसान पर ज़ोर–ज़बरदस्ती या दबाव डालने का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए इस योजना पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है.
पिंडरा विधायक डॉ. सिंह ने हाल की एक घटना का जिक्र करते हुए बिना नाम लिए कहा कि एक सांसद द्वारा किसानों, विशेषकर महिलाओं को हसुआ और धारदार हथियारों के साथ विरोध के लिए उकसाना असंवैधानिक और निंदनीय है. उन्होंने कहा कि पिंडरा क्षेत्र के किसान शांतिप्रिय हैं और हमेशा संवाद के माध्यम से अपनी बात रखते आए हैं. आरोप लगाया कि बाहरी तत्व विकास कार्यों को बाधित कर क्षेत्र में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यहाँ की जनता उन्हें करारा जवाब देगी. उन्होंने दोहराया कि काशी द्वार योजना क्षेत्र के विकास और वाराणसी को नई पहचान देने में अहम भूमिका निभाएगी.
ALSO READ : चैत्र मास की इस तिथि से नावरात्रि का होगा आरंभ, घटस्थापना अहम हिस्सा
विधायक डॉ अवधेश सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी जमीन बिना अनुमति या सहमति के कोई नहीं ले सकता. उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि किसी प्रकार का दबाव, धमकी या जोर–जबरदस्ती की स्थिति उत्पन्न होती है, तो वे सीधे उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें. मैं अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अमानवीय या जबरन भूमि अधिग्रहण नहीं होने दूंगा. सभी विकास कार्य पारदर्शी व्यवस्था और किसान हितों को ध्यान में रखते हुए किए जाएंगे.



