ट्रेन में मोबाइल चोरी कर 85 हजार की ठगी, साइबर पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी : शहर के एक ट्रांसपोर्टर से ट्रेन यात्रा के दौरान मोबाइल चोरी कर साइबर ठगों ने 85 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. इस मामले में रेलवे पुलिस ने चोरी के बजाय गुमशुदगी दर्ज की, जबकि साइबर थाने की पुलिस अब जांच में जुट गई है. नेपाली बाग, शिवपुर निवासी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी धीरेंद्र प्रकाश सिंह अपनी पत्नी के साथ बीती रात गोरखपुर से वाराणसी आ रहे थे. इसी दौरान भटनी रेलवे स्टेशन के पास उनके बैग से मोबाइल फोन चोरी हो गया. उन्होंने ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट पुलिसकर्मियों को चोरी की सूचना दी, जिन्होंने वाराणसी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा.
वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर धीरेंद्र प्रकाश सिंह ने रेलवे पुलिस को लिखित सूचना दी. हालांकि, रेलवे पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज करने के बजाय गुमशुदगी की तहरीर लेकर मामले से किनारा कर लिया. इसके बाद, धीरेंद्र प्रकाश सिंह ने साइबर पुलिस से शिकायत की कि चोरी हुए मोबाइल का उपयोग कर साइबर ठगों ने उनके खाते से कुल 20 बार में 85 हजार रुपये निकाल लिए. पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
ALSO READ: अदालत में आगे बढ़ चुका है ज्ञानवापी का मामला, एसएसआई सर्वे में आए मत्वपूर्ण साक्ष्य सामने
मोबाइल हैक कर 72 हजार निकाले
एक अन्य मामले में कैंट थाना क्षेत्र में साइबर जालसाजाें ने अजय कुमार का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 72 हजार रुपये निकाल लिए. पीड़ित की शिकायत पर कैंट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फुलवरिया, घोसियान निवासी अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल को शाम 5.46 बजे उनका मोबाइल हैक कर लिया गया था. बिना अनुमति के उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 72 हजार रुपये निकाल लिए गए. अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने किसी को पैसे ट्रांसफर नहीं किए थे. बावजूद खाते से रकम निकल गई. उन्हें ठगी की जानकारी होने पर तत्काल ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. साइबर सेल की मदद ली जा रही है.



