वाराणसी एयरपोर्ट का ‘एक्स’ अकाउंट हैक, साइबर थाने में एफआईआर दर्ज, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी...
वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की साइबर सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है. एयरपोर्ट का आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट हैक होने की जानकारी मिली है. घटना के बाद सुरक्षा कारणों से प्लेटफॉर्म की ओर से अकाउंट को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अचानक संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं, जिसके बाद तकनीकी जांच शुरू की गई. वर्तमान में एयरपोर्ट के एक्स हैंडल को सर्च करने पर “अकाउंट सस्पेंडेड” का संदेश दिखाई दे रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में साइबर हमले की आशंका सामने आई है.
वहीं, वाराणसी पुलिस साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच एजेंसियां आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी हैं कि हैकिंग की घटना कैसे हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं.
ALSO READ:मीट-मछली की दुकानों को शहर से बाहर करने के प्रस्ताव का आम आदमी पार्टी ने किया विरोध...
इस घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है. प्रशासन ने अपील की है कि जब तक आधिकारिक एक्स अकाउंट पूरी तरह बहाल नहीं हो जाता, तब तक वाराणसी एयरपोर्ट के नाम से साझा की जा रही किसी भी अपुष्ट जानकारी, संदिग्ध लिंक या पोस्ट पर भरोसा न करें और न ही उन पर क्लिक करें.
यात्रियों को यह भी सलाह दी गई है कि उड़ानों की जानकारी, समय-सारणी और अन्य जरूरी अपडेट के लिए संबंधित एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें. एयरपोर्ट प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि अकाउंट को जल्द बहाल कराने के लिए तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है.



